MP News Datia: जमीन अपने नाम नहीं हुई तो बेटे ने की मां की हत्या, मासूम रोता रहा, जानिए पूरा मामला
मध्यप्रदेश के दतिया जिले में रिश्तों को झकझोर देने वाली एक दर्दनाक वारदात सामने आई है। जिगना थाना क्षेत्र के विजयपुर गांव में एक 29 वर्षीय बेटे ने अपनी ही मां की नुकीले पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि जमीन अपने नाम न होने को लेकर मां-बेटे के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। बुधवार रात यह विवाद इतना बढ़ गया कि बेटे ने अपनी मां की जान ले ली।
मृतका की पहचान मिथिला पाल (50) पत्नी महेश पाल के रूप में हुई है। हत्या का आरोप उनके छोटे बेटे अरविंद पाल पर है, जिसे पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से गिरफ्तार कर लिया है।

घर में बंद रहा मासूम, बाहर लगा था ताला
घटना का खुलासा बेहद दर्दनाक परिस्थितियों में हुआ। रात करीब 8 बजे मृतका का भतीजा सुरेंद्र पाल मजदूरी कर गांव लौटा। घर के अंदर से डेढ़ साल के बच्चे के रोने की आवाज आ रही थी। बाहर आरोपी अरविंद खड़ा था और घर पर बाहर से ताला लगा हुआ था।
संदेह होने पर सुरेंद्र ने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो मिथिला पाल खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ी थीं। यह दृश्य देख वह स्तब्ध रह गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी फरार हो गया, लेकिन बाद में उसे पकड़ लिया गया।
घर के अंदर रोता मासूम इस वारदात का सबसे मर्मांतक पहलू बन गया। उस मासूम ने एक ही रात में अपनी दादी को खो दिया, जबकि उसकी मां पहले से मायके में रह रही है।
पत्नी का दबाव बना हत्या की वजह
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अरविंद की दो शादियां हो चुकी हैं। पहली पत्नी करीब छह साल पहले उसे छोड़कर चली गई थी। दूसरी शादी से उसका डेढ़ साल का बेटा है। दूसरी पत्नी करीब 20 दिन पहले मायके चली गई थी।
बताया जा रहा है कि पत्नी की शर्त थी कि जब तक मां के नाम की जमीन उनके नाम नहीं की जाएगी, वह घर वापस नहीं आएगी। इसी बात को लेकर अरविंद और उसकी मां के बीच लगातार विवाद हो रहा था। बुधवार रात विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और आरोपी ने गुस्से में आकर नुकीले पत्थर से मां पर कई वार कर दिए।
नशे की लत और पारिवारिक संकट
ग्रामीणों के मुताबिक अरविंद नशे का आदी है और अक्सर घर में झगड़ा करता था। परिवार पहले से ही संकटों में घिरा हुआ था। मृतका का बड़ा बेटा धर्मेंद्र पाल फिलहाल झांसी जेल में बंद है, जिस पर लूट और चोरी जैसे आरोप हैं। ऐसे में घर की जिम्मेदारी मिथिला पाल पर ही थी। लेकिन जिस बेटे के सहारे वह जीवन गुजार रही थीं, उसी ने उनके जीवन का अंत कर दिया।
पुलिस जांच जारी, आरोपी हिरासत में
बड़ौनी एसडीओपी विनायक शुक्ला ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद और पारिवारिक तनाव हत्या की मुख्य वजह सामने आ रही है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हत्या में प्रयुक्त पत्थर बरामद कर लिया गया है और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिश्तों पर सवाल छोड़ गई यह वारदात
यह घटना केवल एक हत्या नहीं, बल्कि रिश्तों के बिखराव की भयावह कहानी है। जमीन के एक टुकड़े के लिए बेटे ने मां का खून कर दिया। डेढ़ साल का मासूम अब असहाय है। दतिया की यह घटना समाज के सामने बड़ा सवाल खड़ा करती है - आखिर लालच और नशे की गिरफ्त में रिश्ते इतने कमजोर कैसे हो गए कि मां-बेटे का पवित्र संबंध भी टूट गया?












Click it and Unblock the Notifications