अहंकारी कांग्रेस को समाप्त करो, दीपक भी जलाएं और मतदान भी करें: CM शिवराज सिंह चौहान
मध्यप्रदेश में 17 नवंबर को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होना है, और ऐसे में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान त्यौहारों के दिन भी एक के बाद एक जनसभा कर जनता-जनार्दन के बीच पहुंच रहें हैं। अष्टमी, महानवमी, दशहरा और आज दीपावली के दिन भी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के चार विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी सभाएं की और अपनी लाड़ली बहनों के साथ खरीदारी कर दीपावली भी मनाई।
रविवार को मुख्यमंत्री ने भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में चार जनसभाओं को संबोधित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी देश व प्रदेशवासियों को प्रकाश के महापर्व दीपावली की शुभकामनाएं दी और सभी के लिए सुख-समृध्दि और खुशहाली की कामना की।

अहंकारी कांग्रेस को समाप्त करो
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि, अहंकारी कांग्रेस और कमलनाथ धमकी दे रहें हैं कि, खबरदार मेरी चक्की बहुत बारीक पीसती है, लेकिन तुम्हारी चक्की में तो कांग्रेस ही पिस रही है कमलनाथ। कमलनाथ सबको धमका रहे हैं कि, देख लूंगा, निपटा दूंगा, बहनों से कांग्रेसी कह रहे हैं कि, तुम्हारे घर के चूल्हे जलना बंद हो जाएंगे, बच्चे भूखे मर जाएंगे।
मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि सुन लीजिए कमलनाथ और दिग्विजय, मुझे कुछ भी कह देना कोई फर्क नहीं पड़ता, लेकिन मेरी बहन और भांजे-भाजियों की तरफ उंगली उठाई तो छोड़ूंगा नहीं। इतना अहंकार मत करो कमलनाथ ये जनता किसी को छोड़ने वाली नहीं है। श्री चौहान ने कहा कि, इस अहंकारी कांग्रेस को समाप्त करो, घमंड तो रावण और कसं का भी नहीं बचा तो कमलनाथ का घमंड कैसे बचेगा।
दीपक भी जलाएं और मतदान भी करें
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दीपों के पर्व दीपावली पर सभी मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि, मध्यप्रदेश के सभी मतदाता, बड़े-बुजुर्ग, माताएं-बहनें, भाई और नौजवान साथी 17 नवंबर को अपने अधिकारों का प्रयोग जरूर करें। उन्होंने कहा कि, दीपावली पर सभी एक दीपक जलाकर संकल्प लें कि, मतदान अवश्य करेंगे और मध्यप्रदेश के विकास व समृध्दि के लिए एक अच्छी सरकार बनाएंगे। मुख्यमंत्री ने वोकल फॉर लोकल को लेकर भी प्रदेश की जनता से अपील की है।
उन्होंने कहा कि, मैंने भी परासिया के बाजार से लोकल दीपक, रंगोली और अन्य सामग्री खरीदी है और प्रदेशवासी भी अपने स्थानीय कुम्हार व कारीगरों से सामान खरीदें ताकि उनका जीवन भी आसानी से चल सकें। अपने यहां जो चीजें बन रही हैं उनका ही उपयोग करें।












Click it and Unblock the Notifications