CM शिवराज सिंह चौहान को मध्य प्रदेश की जनता क्यों बुलाती है मामा, जानिए वजह
भोपाल। शिवराज सिंह चौहान ने 23 मार्च 2020 को एक बार से मध्य प्रदेश के सीएम पद की शपथ ली। इसके साथ ही मध्य प्रदेश में सबसे ज्यादा चार बार मुख्यमंत्री बनने का रिकॉर्ड भी शिवराज सिंह चौहान के नाम हो गया है।

लगातार तीन बार रहे सीएम
ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनके समर्थक 22 विधायकों द्वारा कांग्रेस से इस्तीफा देकर भाजपा का दामन थाम लेने के बाद मध्य प्रदेश की कमलनाथ सरकार अल्पमत में आ गई। इस सियासी घटनाक्रम ने वर्ष 2005 से 2018 तक लगातार तीन बार मुख्यमंत्री रहे शिवराज सिंह चौहान को अब चौथी बार सीएम की कुर्सी पर बैठा दिया।

शिवराज ने खुद बताई मामा बोलने की वजह
बता दें कि मध्य प्रदेश में शिवराज सिंह चौहान 'मामा' नाम से भी लोकप्रिय हैं। इसके पीछे की वजह खुद शिवराज ने मीडिया से बातचीत में बताई थी। एक निजी न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में जब शिवराज से सवाल किया गया कि लोग उन्हें मामा क्यों पुकारते हैं तो जवाब मिला कि वैसे तो माता का मतलब मां का भाई होता है, इसका एक व्यापक अर्थ यह भी है कि जिसके दिल में बेटियों के लिए दो मां का प्यार हो वहीं मां-मां यानि मामा कहलाता है। इसी वजह से उन्हें भी मामा पुकारा जाने लगा।

मामा मतलब वो इंसान, जिसे लोग ज्यादा स्नेह करते हैं
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने उस इंटरव्यू में बताया था कि उन्होंने बेटियों के लिए मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, लक्ष्मी योजना, महिलाओं के लिए आरक्षण योजनाएं शुरू की। इसके बाद से मध्य प्रदेश की बेटियां उन्हें मामा कहने लगी थी। शिवराज सिंह को पहले बेटियों द्वारा मामा कहने का सिलसिला शुरू हुआ और फिर बेटे भी मामा बुलाने लगे। आलम यह है कि अब तो प्रदेश के बुजुर्ग तक उन्हें मामा कहकर बुलाते हैं। शिवराज सिंह का यह भी मानना है कि मध्यप्रदेश में मामा का मतलब वो इंसान है, जिससे लोग सबसे ज्यादा स्नेह रखते हैं।












Click it and Unblock the Notifications