आतंकी हमले में MP के CISF जवान हुए शहीद, मुख्यमंत्री शिवराज ने ट्वीट कर जताया शोक
सतना के रहने वाले सीआईएसएफ जवान शंकर पटेल जम्मू कश्मीर में शुक्रवार की सुबह आतंकी हमले में शहीद हो गए। गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री शिवराज ने शोक जताया।
भोपाल, 22 अप्रैल। जम्मू कश्मीर में मध्य प्रदेश के रहने वाले सीआईएसएफ जवान आतंकी हमले में शहीद हो गए हैं। आपको बता दें कि जम्मू कश्मीर में शुक्रवार की सुबह सीआईएसएफ (CISF) की बस पर आतंकी हमला हुआ है। जिसमें CISF के एक ASI शहीद हो गए। वहीं 10 से अधिक जवान घायल हुए हैं। शहीद होने वाले जवान मध्य प्रदेश के सतना जिले के मैहर तहसील के रहने वाले थे। शहीद होने की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर में डूब गया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राजस्थानी विधायक नारायण त्रिपाठी ने जवान के शहीद होने पर शोक व्यक्त किया है।

दरअसल, जम्मू कश्मीर के चड्डा कैंप के पास सीआईएसएफ जवानों से भरी बस पर आतंकी ने हमला किया। जवाबी कार्रवाई ने आतंकियों को भागने पर मजबूर कर दिया। सुरक्षाबलों की तरफ से की गई कार्रवाई में अब तक 2 आतंकी मारे गए हैं और 2 हथियार बरामद हुए हैं। आपको बता दें कि सुजवा आर्मी कैंप सेना का मुख्य स्टेशन है, वहां से चड्डा कैंप मात्र 1 किलोमीटर की दूरी पर था। गौरतलब है कि पीएम मोदी के जम्मू दौरे से पहले सुरक्षा बल सर्च ऑपरेशन कर रहे थे। इस दौरान आतंकियों ने बस पर ग्रेनेड से हमला किया।
हमले में सतना जिले के रहने वाले सीआईएसएफ जवान शंकर पटेल शहीद हो गए। जबकि कई जवान घायल भी हुए हैं जिनका सेना अस्पताल में इलाज जारी है। परिवार से मिली जानकारी के मुताबिक शहीद शंकर पटेल ने 7 दिन पहले ही ड्यूटी ज्वाइन की थी। शहीद के दो बेटे हैं।
मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर जताया शोक
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) ने मध्यप्रदेश के सतना जिले के नौगवां निवासी सीआईएसएफ के जवान श्री शंकर प्रसाद पटेल के जम्मू-कश्मीर में साहस के साथ आतंकियों से लड़ते हुए शहीद होने पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने वीर जवान के चरणों में सादर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि श्री शंकर प्रसाद जी सदैव हमारी स्मृतियों में रहेंगे।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान देने एवं परिजन को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।












Click it and Unblock the Notifications