MP Election Result 2023: भाजपा की प्रचंड जीत पर BJP कार्यालय में मना जश्न, सीएम शिवराज ने खिलाई मिठाई
MP Election Result 2023: विधानसभा चुनाव में बंपर जीत पर सीएम शिवराज ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एमपी के मन में और देश के दिल में बसे हैं। मध्य प्रदेश को लगातार उनका प्यार और आशीर्वाद मिला है और प्रदेश की जनता भी उनके प्रति अगाध विश्वास और श्रद्धा रखती है। इसी श्रद्धा और विश्वास के चलते प्रधानमंत्री जी ने जो गारंटी दी, जनता ने उस पर भी विश्वास किया और भाजपा पर भरपूर प्यार और आशीर्वाद लुटाया है।
बता दे मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 में कांग्रेस के कई दिग्गज नेता चुनाव हार गए वहीं भाजपा ने 162 सीटों पर शानदार जीत हासिल की है। अभी फिलहाल कुछ सीटों पर काउंटिंग जारी है। वहीं कांग्रेस 60 से 65 सीटों के बीच सिमटती हुई नजर आ रही है।

सीएम शिवराज ने कहा कि पार्टी को मिली इस शानदार सफलता के लिए मैं प्रदेश की जनता तथा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को प्रणाम करता हूं, हृदय से धन्यवाद देता हूं। ये बात सीएम शिवराज सिंह चौहान और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने रविवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में प्रचंड जीत के पश्चात कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। पार्टी नेताओं ने कहा कि मध्य प्रदेश में बीजेपी को मिली विराट विजय ये बताती है कि मध्यप्रदेश में मोदी मैजिक चला है।
डबल इंजन सरकार के काम को जनता ने दिया आशीर्वाद
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा को एक बार फिर शानदार जीत मिली है। भाजपा सरकार ने यहां जो प्रगति और विकास के काम किए हैं, उन्हें जनता ने अपना प्यार और आशीर्वाद दिया है। हमने हर वर्ग के कल्याण के लिए लाडली बहना योजना, सीखो कमाओ योजना जैसी जो योजनाएं बनाईं और केंद्र सरकार की योजनाओं का जिस तरह से क्रियान्वयन किया है, डबल इंजन सरकार के इन कामों को जनता ने अपना प्यार और आशीर्वाद दिया है। हम सभी जनता को यह विश्वास दिलाते हैं कि हम जनता को दिया गया एक-एक वचन पूरा करेंगे।
सभी ने मिलकर की मेहनत
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि इस चुनाव में देश के गृहमंत्री और कुशल रणनीतिकार श्री अमित शाह जी ने जीत की रणनीति तैयार की। हमें राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा जी का कुशल मार्गदर्शन मिला। राष्ट्र्रीय सह संगठन महामंत्री श्री शिवप्रकाश जी, केन्द्रीय मंत्री व प्रदेश चुनाव प्रभारी श्री भूपेन्द्र यादव, केंद्रीय मंत्री व प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक श्री नरेंद्र सिंह तोमर, प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा, केन्द्रीय मंत्री एवं प्रदेश चुनाव सह प्रभारी श्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और हम सभी लोगों ने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर काम किया, मेहनत की। यह जीत उसी का परिणाम है और इसके लिए मैं सभी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देता हूं।
प्रदेश में जनता के प्यार की प्रो इन्कमबेंसी थी
मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि चुनाव के दौरान कांग्रेस यह दुष्प्रचार कर रही थी कि प्रदेश में एंटी इनकमबेंसी है। प्रदेश में कोई एंटी इनकमबेंसी नहीं थी, जनता के प्यार की प्रो इनकमबेंसी थी। उन्होंने कहा कि जनता ने भारतीय जनता पार्टी पर भरपूर प्यार और आशीर्वाद लुटाया है।
कार्यकर्ताओं ने किया 51 प्रतिशत वोट शेयर के लक्ष्य को पूरा
प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री व कुशल संगठक व रणनीतिकार श्री अमित शाह जी ने मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में हर बूथ पर 51 प्रतिशत वोट शेयर प्राप्त करने का टास्क दिया था। पार्टी के देवदुर्लभ कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के 64523 बूथों पर अथक मेहनत करके हरा बूथ को जीतने के साथ 51 प्रतिशत वोट शेयर प्राप्त करने का कार्य किया है। देर रात तक जब पूरे प्रदेश का फानइल चुनाव परिणाम आएगा तो आप देखेंगे कि भाजपा अधिकांश बूथों पर 51 प्रतिशत प्राप्त वोट शेयर प्राप्त कर रही है।
प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने सामूहिक नेतृत्व के साथ चुनाव लड़ा है और पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता लगातार जमनी स्तर पर कार्य करके पार्टी को ऐतिहासिक बहुमत दिलाने का कार्य किया है।
प्रदेश कार्यालय में जमकर मना जश्न, पटाखे फोड़कर मनाई खुशी
भाजपा को विधानसभा चुनाव परिणाम में प्रचंड बढ़त मिलते ही दोपहर में प्रदेश कार्यालय में पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जमकर जश्न मनाया। कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर खुशी मनाई और ढोल नगाड़ों की थाप पर कार्यकर्ताओं ने जमकर नृत्य किया। उत्साहित कार्यकर्ताओं ने खुशी में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा को कंधे पर उठा लिया और भाजपा जिंदाबाद के नारे लगाए।












Click it and Unblock the Notifications