Bhavantar Yojana MP: सोयाबीन किसानों को 810 करोड़ की सौगात, जानें भावांतर योजना में आपको कितने पैसे मिलेंगे?
Bhavantar Yojana MP: मध्य प्रदेश के किसानों के लिए जाता हुआ यह साल राहत भरी और खुशखबरी वाला रहा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (CM Mohan Yadav) ने सोयाबीन उत्पादक किसानों को बड़ी राहत देते हुए भावांतर भुगतान योजना के तहत 3.77 लाख किसानों के बैंक खातों में 810 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए।
यह राशि रतलाम जिले के जावरा में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से सिंगल क्लिक के माध्यम से किसानों के खातों में भेजी गई। भावांतर योजना के तहत यह भुगतान उन किसानों को किया गया है, जिन्हें बाजार में सोयाबीन का दाम न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) से कम मिला था।

सरकार ने MSP में जारी बड़े अंतरों की भरपाई कर किसानों की आय को सुरक्षित करने की दिशा में यह कदम उठाया है। जानिए सरकार की इस योजना से किसानों को क्या लाभ मिलेगा...
क्या है भावांतर भुगतान योजना?
मध्य प्रदेश सरकार ने हाल ही में सोयाबीन किसानों के हित में मुख्यमंत्री भावांतर भुगतान योजना की शुरुआत की है। इस योजना के तहत अगर किसानों को मंडी में MSP से कम दाम पर फसल बेचनी पड़ती है, तो सरकार उस अंतर की राशि सीधे उनके खाते में ट्रांसफर करती है। इसका मकसद किसानों को बाजार के उतार-चढ़ाव से बचाना और उनकी आय को स्थिर रखना है।
इस योजना की पहली किस्त नवंबर में जारी की गई थी, जिसमें 1.32 लाख किसानों के खातों में 300 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर की गई थी। अब दूसरी बड़ी किस्त में लाखों किसानों को फायदा मिला है।
किसानों को क्या मिलेगा?
सीएम मोहन यादव ने किसानों के लिए कई अन्य बड़े ऐलान भी किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 32 लाख से अधिक किसानों को सोलर पंप दिए जाएंगे, जिनकी कुल लागत पर सरकार 90 प्रतिशत तक अनुदान देगी। इससे किसानों को सिंचाई में राहत मिलेगी और बिजली पर निर्भरता कम होगी।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि लाड़ली बहनों को फिलहाल 1500 रुपये दिए जा रहे हैं, जिसे आगे बढ़ाकर 3000 रुपये तक किया जाएगा। सरकार हर जरूरतमंद और हुनरमंद युवा को रोजगार देने के लिए भी प्रतिबद्ध है।
इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में रतलाम जिले के किसानों को भी सीधा लाभ मिला। जिले के 12,386 किसानों के खातों में 20.74 करोड़ रुपये सिंगल क्लिक के माध्यम से ट्रांसफर किए गए। मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक प्रदेश के 6.25 लाख से अधिक सोयाबीन उत्पादक किसानों को करीब 1300 करोड़ रुपये की भावांतर राशि का भुगतान किया जा चुका है।
किसानों के लिए बड़ी राहत
भावांतर भुगतान योजना के तहत किया गया यह भुगतान सोयाबीन किसानों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। इससे न सिर्फ किसानों की आय में स्थिरता आएगी, बल्कि खेती के प्रति उनका भरोसा भी मजबूत होगा। सरकार के इस कदम को किसानों के कल्याण और प्रदेश की कृषि अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications