दतिया में असामाजिक तत्वों ने भारत रत्न डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को किया क्षतिग्रस्त, इलाके में तनाव
दतिया जिले के बड़ौनी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छता में भारत रत्न डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने की गंभीर घटना सामने आई है। यह वारदात सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात की बताई जा रही है। मंगलवार सुबह जब ग्रामीण जागे तो प्रतिमा क्षतिग्रस्त अवस्था में मिली, जिसके बाद गांव में आक्रोश फैल गया।
2021 में सामाजिक सहयोग से स्थापित हुई थी प्रतिमा
ग्रामीणों के अनुसार, ग्राम छता में डॉ भीमराव अंबेडकर की यह प्रतिमा वर्ष 2021 में सामाजिक सहयोग से स्थापित की गई थी। यह प्रतिमा न केवल बाबा साहब के प्रति सम्मान और आस्था का प्रतीक है, बल्कि गांव में सामाजिक एकता का भी केंद्र रही है। प्रतिमा के साथ की गई तोड़फोड़ को ग्रामीणों ने समाजिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश बताया है।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचा पुलिस-प्रशासन
घटना की जानकारी मिलते ही मंगलवार सुबह करीब 9 बजे बड़ौनी थाना पुलिस, तहसीलदार और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
ग्रामीणों में भारी आक्रोश, दोषियों की गिरफ्तारी की मांग
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे। कुछ समय के लिए गांव में तनाव का माहौल बन गया। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है और क्षेत्र में सतत निगरानी रखी जा रही है।
प्रशासन का आश्वासन, नई प्रतिमा जल्द स्थापित होगी
प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि क्षतिग्रस्त प्रतिमा के स्थान पर शीघ्र नई प्रतिमा स्थापित कराई जाएगी। अधिकारियों के इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों का आक्रोश कुछ हद तक शांत हुआ।
शांति बनाए रखने की अपील
पुलिस और प्रशासन ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया गया है।
गौरतलब है कि भारत रत्न डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं समाज में तनाव और विभाजन को बढ़ावा देती हैं। ऐसे में प्रशासन के सामने चुनौती है कि दोषियों को जल्द पकड़कर कानून के दायरे में लाया जाए, ताकि सामाजिक सौहार्द बना रहे।
(दतिया- शाहिद कुरैशी)












Click it and Unblock the Notifications