MP News: भोपाल में सरेआम रंगदारी का खेल खत्म, अयोध्यानगर पुलिस ने दो अड़ीबाज बदमाशों को दबोचा
राजधानी भोपाल में आम लोगों पर रौब झाड़कर रंगदारी वसूलने वाले अड़ीबाज बदमाशों के खिलाफ अयोध्यानगर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। शराब पीने के लिए 20 हजार रुपये की अड़ीबाजी कर सरेराह मारपीट करने वाले इन आरोपियों की गिरफ्तारी से क्षेत्र में दहशत फैलाने वाले तत्वों को स्पष्ट संदेश दिया गया है कि अब गुंडागर्दी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त भोपाल हरिनारायणचारी मिश्र और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अवधेश गोस्वामी के निर्देशों के तहत की गई। डीसीपी जोन-2 विवेक सिंह के निर्देशन में लगातार गुंडे-बदमाशों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।

शराब के लिए रंगदारी, मना किया तो मारपीट
घटना 13 जनवरी 2026 की रात करीब 8:30 बजे की है। मिनाल गेट क्रमांक-02 के पास अरुण भरदेले ने अपने साथी अनिल साहू और अन्य दोस्तों के साथ मिलकर आशीष उर्फ अक्की शर्मा से शराब पीने के लिए 20 हजार रुपये की अड़ीबाजी की। फरियादी द्वारा रुपये देने से इनकार करने पर आरोपियों ने सरेराह गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी और इलाके में दहशत फैला दी।
घटना की सूचना मिलते ही थाना अयोध्यानगर में अपराध क्रमांक 22/2026 के तहत बीएनएस की धाराओं 119(1), 296(ए), 115(2), 351(2) और 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मुखबिर तंत्र और त्वरित कार्रवाई से गिरफ्तारी
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक महेश लिल्हारे के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। घटनास्थल के आसपास पूछताछ, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर लगातार दबिश दी गई। अथक प्रयासों के बाद पुलिस ने आरोपी अरुण भरदेले और अनिल साहू को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
आदतन अपराधी निकला मुख्य आरोपी
गिरफ्तार आरोपी अरुण भरदेले कोई नया नाम नहीं है। उसके खिलाफ मारपीट, आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट, नकबजनी और अन्य गंभीर धाराओं में 16 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, आरोपी अनिल साहू के खिलाफ भी मारपीट, जुआ एक्ट और एससी-एसटी एक्ट सहित कई प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी क्षेत्र में लंबे समय से अड़ीबाजी और गुंडागर्दी कर आम जनता को भयभीत कर रहे थे।
पुलिस का सख्त संदेश: अब नहीं चलेगी गुंडागर्दी
डीसीपी जोन-2 विवेक सिंह ने स्पष्ट किया कि भोपाल में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा। सरेराह रंगदारी, मारपीट और अड़ीबाजी करने वाले बदमाशों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
इनकी रही अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी महेश लिल्हारे, उप निरीक्षक सुदील देशमुख, प्रधान आरक्षक अमित व्यास, बृजेश सिंह, रूपेश सिंह जादौन, प्रधान आरक्षक सुरेश सोलंकी और आरक्षक सुजीत पटेल की सराहनीय भूमिका रही। भोपाल पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि राजधानी में अब बदमाशों की नहीं, कानून की चलेगी।












Click it and Unblock the Notifications