हर परीक्षार्थी के हाथ में नकल, यह कैसी परीक्षा ?
भिंड के शासकीय महाविद्यालय लहार में सामूहिक नकल का मामला सामने आया है, कलेक्टर ने कार्रवाई के लिए कमिश्नर को पत्र लिखा है।
भिंड, 30 जुलाई। भिंड में जीवाजी विश्वविद्यालय से संबद्ध लहार कॉलेज में आयोजित हुई परीक्षाओं को मजाक बना दिया गया है। यहां पर परीक्षा के दौरान सामूहिक नकल का मामला सामने आया है। हर परीक्षार्थी के हाथ में यहां नकल देखी गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो जब प्रशासन के संज्ञान में आया तो इस पर एक्शन लिया गया और कलेक्टर भिंड ने सामूहिक नकल के इस मामले में कॉलेज के प्राचार्य समेत केन्द्र अध्यक्ष और चार अतिथि विद्वानों पर कार्रवाई करने के लिए चंबल कमिश्नर को पत्र भी लिखा है।

पिछले दिनों वायरल हुआ था नकल का वीडियो
भिंड जिले में पिछले दिनों एक नकल का वीडियो वायरल हुआ था। इस वीडियो में दिखाया गया था कि एक कॉलेज के अंदर परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं, लेकिन खास बात यह है कि हर परीक्षार्थी के हाथ में नकल मौजूद थी। कोई हाथ में नकल की पर्ची पकड़ कर नकल कर रहा था, तो कोई टेबल पर नकल की पर्ची रखकर आराम से नकल कर रहा था। हर टेबल पर नकल दिखाई दे रही थी। यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ।

लहार कॉलेज का बताया गया यह वीडियो
यह वीडियो जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था तो इस वीडियो के बारे दावा किया गया कि यह वीडियो लहर के शासकीय महाविद्यालय का है। यह वीडियो जब प्रशासन के पास पहुंचा तो प्रशासनिक अधिकारियों ने इस पूरे वीडियो की जांच कराई और जांच में यह बात निकलकरआई है वीडियो वाकई में लहार के शासकीय महाविद्यालय का है।
कलेक्टर ने कार्रवाई के लिए चंबल कमिश्नर को लिखा पत्र
जब इस बात की पुष्टि हो गई की नकल का ये वीडियो लहार के शासकीय महाविद्यालय का है, तो कलेक्टर ने कार्रवाई के लिए चंबल कमिश्नर को पत्र लिखा है। कलेक्टर ने चंबल कमिश्नर को पत्र लिखते हुए कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य ब्रह्मानंद शर्मा समेत केंद्राध्यक्ष डॉक्टर अंजली वर्मा और अतिथि विद्वान डॉ हेमराज जाटव, डॉ अरविंद प्रकाश, डॉक्टर रामबाबू दिनकर एवं राहुल शर्मा के निलंबन का प्रस्ताव चंबल कमीशन को भेज दिया है। इन सभी को सामूहिक नकल के लिए दोषी बताया गया है।

भिंड जिला है नकल के लिए बदनाम
भिंड जिले में स्कूल और कॉलेज समेत आयोजित होने वाली सभी परीक्षा में नकल का जमकर बोलबाला रहता है। यहां बड़े पैमाने पर सामूहिक नकल होती आई है। लाख प्रयास के बावजूद भी प्रशासन और शिक्षा विभाग सामूहिक नकल पर रोक नहीं लगा पाया। इसलिए भिंड में शिक्षा का स्तर अच्छा नहीं माना जाता है। लहार के शासकीय महाविद्यालय से निकलकर आई इस तस्वीर ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि भिंड में नकल माफिया आज भी हावी है।












Click it and Unblock the Notifications