वनइंडिया की खबर का हुआ असर, जिला पंचायत सीईओ ने दिया अजनौल गांव के सचिव को नोटिस
अजनौल गांव में सड़क पर अंतिम संस्कार करने की खबर वन इंडिया पर दिखाए जाने के बाद जिला पंचायत सीईओ ने अजनौल गांव के सचिव को जारी किया नोटिस
भिंड, 26 जुलाई। वनइंडिया की खबर का एक बार फिर से असर हुआ है। दरअसल भिंड जिले के अजनौल गांव में श्मशान घाट नहीं होने की वजह से बारिश के मौसम में ग्रामीणों ने एक बुजुर्ग महिला के शव का गांव के रास्ते पर अंतिम संस्कार किया था। इस खबर को वनइंडिया ने प्रमुखता से दिखाया, जिसके बाद जिला पंचायत सीईओ ने अजनौल गांव के सचिव को नोटिस जारी किया है।

अजनौल गांव में हुई थी बुजुर्ग महिला की मौत
अजनौल गांव में 2 दिन पहले 70 साल की बुजुर्ग महिला बिटोली बाई की मौत हो गई थी। बिटोली बाई की मौत के बाद उसके परिजनों ने लाश का अंतिम संस्कार गांव की सड़क पर कर दिया था। गांव में मुक्तिधाम नहीं था और बारिश की वजह से और कोई स्थान ग्रामीणों को ठीक नहीं लगा, इस वजह से गांव की सड़क पर बुजुर्ग महिला के शव का अंतिम संस्कार किया गया।
वनइंडिया ने प्रमुखता से दिखाई खबर
गांव की इस बदहाल हालत की खबर को वनइंडिया ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। वनइंडिया ने बताया था कि किस तरह बारिश के मौसम में गांव में बदहाली का आलम है और शिवराज सरकार के विकास के दावे अजनौल गांव में खोखले नजर आ रहे हैं।
नगरीय प्रशासन राज्य मंत्री का विधानसभा क्षेत्र है मेहगांव
शिवराज सरकार के नगरीय प्रशासन राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया के विधानसभा क्षेत्र मेहगांव है, और इसी मेहगांव में अजनौल गांव स्थित है। इस गांव की इतनी बुरी हालत देखकर हर कोई हैरान रह गया। वनइंडिया में खबर प्रकाशित होने के बाद लोगों को यहां की अव्यवस्थाओं की जानकारी मिली।
जिला पंचायत सीईओ ने जारी किया सचिव को नोटिस
वनइंडिया द्वारा इस खबर को प्रमुखता से दिखाया जाने के बाद भिंड के जिला पंचायत सीईओ जेके जैन ने अजनौल गांव के ग्राम पंचायत सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। नोटिस में उल्लेख किया गया है कि सचिव को अपने जवाब के साथ 27 जुलाई को कार्यालय में उपस्थित भी होना है।
मुक्तिधाम स्वीकृत होने के बावजूद भी नहीं हुआ निर्माण
जानकारी के अनुसार अजनौल गांव में मुक्तिधाम स्वीकृत है। इसके बावजूद गांव में मुक्तिधाम का निर्माण नहीं किया गया। अब प्रशासनिक अधिकारी इस बात का पता लगाने में जुटे हुए हैं कि आखिर मुक्तिधाम के निर्माण नहीं कराए जाने का क्या कारण रहा है।












Click it and Unblock the Notifications