कई दिन से पेट दर्द था, पता चला दो साल पहले ऑपरेशन के समय डॉक्टरों ने पेट में कैची छोड़ दी थी
Bhind News: मध्य प्रदेश के भिंड में सरकारी अस्पताल के डॉक्टरों की बड़ी लापरवाही सामने आई है। डॉक्टरों ने कैंसर के ऑपरेशन के दौरान महिला के पेट में कैंची छोड़ दी थी। इससे महिला काफी परेशान रही। परिजनों को इसका पता दो साल बाद चला है।
दरअसल, 44 वर्षीय महिला का दो साल पहले ग्वालियर के कमला राजा अस्पताल में ऑपरेशन हुआ था। जिसके बाद से उसके पेट में दर्द हो रहा था।शुक्रवार देर शाम जब सीटी स्कैन कराया गया तब इसका खुलासा हुआ है।

सौंधा गोहद की रहने वाली कमला बाई ने बताया कि पिछले 2 वर्ष पहले से पेट दर्द से परेशान थीं। बार-बार जांच और दवाओं के बावजूद कोई राहत नहीं मिली। आखिरकार दर्द बढ़ने पर भिंड जिला अस्पताल में सीटी स्कैन करवाया।
स्कैन प्रभारी सतीश शर्मा ने बताया कि स्कैन करते ही पेट में एक धातु की वस्तु दिखाई दी,जो बाद में कैंची निकली।
कमला बाई के अनुसार 20 फरवरी 2022 को ग्वालियर के कमला राजा अस्पताल में पेट में कैंसर की गांठ का ऑपरेशन हुआ था। इस दौरान डॉक्टरों ने लापरवाही से ऑपरेशन के बाद पेट में कैंची छोड़ दी। तब से लगातार दर्द से परेशान थीं, लेकिन कोई भी डॉक्टर असली समस्या को नहीं पकड़ पाया।
पीड़िता कमला बाई के परिवार ने डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिवार का कहना है कि इस लापरवाही के कारण कमला बाई को दो साल तक असहनीय दर्द झेलना पड़ा। वे अब न्याय के लिए हर संभव कदम उठाएंगे। जिला अस्पताल के अधिकारियों ने इस मामले की पूरी रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजने की बात कही है।












Click it and Unblock the Notifications