अंतिम संस्कार की चल रही थी तैयारी, अर्थी पर लेटी महिला की चलने लगी सांसें
बस्ती। यूपी के बस्ती जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जिस महिला के अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी, वह जिंदा मिला। महिला की सांसें चल रही थीं। जैसे ही परिजनों ने महिला के शरीर में हरकत देखी वह उसे लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां से उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही महिला की सांसें थम चुकी थीं।
संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
मामला बस्ती जिले के मुंडेरवा थाना क्षेत्र के सहोरवा गांव का है। यहां रहने वाले बबलू की पत्नी सुनीता देवी की बुधवार संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिवार के लोग शव का अंतिम संस्कार करने के लिए लालगंज स्थित कुआनो नदी के तट पर जा रहे थे। अचानक महिला के घरवालों की नजर उसपर पड़ी तो उन्हें शरीर में कुछ हरकत नजर आई। उन्होंने देखा कि महिला की सांसें चल रही है।
डॉक्टर ने कहा- चल रही थी सांस
परिजन महिला को लेकर तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी पहुंचे। यहां चिकित्साधिकारी राजेश कुमार ने महिला की जांच के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उन्होंने बताया कि जब महिला अस्पताल लाई गई थी तब उसकी सांस चल रही थी, ब्लड प्रेशर व पल्स काफी कमजोर थी। परिजनों ने बताया कि जिला चिकित्सालय ले जाते समय ही महिला की सांसें थम गई। प्रभारी निरीक्षक मुंडेरवा सदानंद सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी होते ही पुलिस मौके पर गई थी। किसी पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है।