बरेली में स्कूल पर पुलवामा जैसे हमले की धमकी, प्रबंधक के घर पर मिला लेटर
बरेली। पुलवामा हमले की पहली बरसी के दो दिन बाद बरेली में एक स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है और पुलवामा हमले जैसी घटना की बात कही गई है। धमकी भरा पत्र मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन दहशत में है। वही, पुलिस ने कैंट थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा लिख जांच शुरू कर दी है।

लेटर में क्या लिखा था?
दरअसल, कैंट थाना क्षेत्र के चनेहटा स्थित मां सरस्वती जूनियर हाईस्कूल के प्रबंधक अनिल कुमार को रविवार की रात उनके घर के दरवाजे पर एक पत्र मिला। इसमें लिखा था, 'ध्यान से सुनो, तुम्हारे स्कूल और घर पर बम है, जिसका रिमोट मेरे पास है। कल सुबह 7 से 8 बजे के बीच तुझसे एक पार्टी मिलेगी और उसके बाद पुलवामा हमले जैसा धमाका होगा। ज्यादा होशियार बनने की कोशिश मत करना वरना अंजाम बुरा होगा।' धमकी भरा पत्र मिलने के बाद से स्कूल के प्रबंधक दहशत में है।
पुलिस ने जांच, अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज
अनिल कुमार ने घटना की जानकारी शिक्षा विभाग के अधिकारियों को दी, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस को सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया। पुलिस के आला अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की और स्कूल और प्रबंधक के घर के बाहर पुलिस तैनात कर दी गई है। एसपी सिटी रविन्द्र कुमार का कहना है कि स्कूल और प्रबंधक के घर के चेकिंग की गई, लेकिन वहां कुछ भी नहीं मिला। फिलहाल अज्ञात के खिलाफ कैंट थाने में एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है। बहरहाल, धमकी भरा पत्र मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन और पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications