बरेली : पिता की आखों के सामने बंदरों ने 4 माह के बेटे को दी खौफनाक मौत, मां बोली- अब किसका नामकरण करेंगे
बरेली, 18 जुलाई: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में बंदरों के आतंक की दिलदहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां बंदरों के एक झुंड ने पिता के हाथ से 4 माह के बच्चे को छीनकर छत से नीचे फेंक दिया। पिता बच्चे को बचाने के लिए दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। तीसरी मंजिल से नीचे गिरने पर बच्चे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, इलाके के लोग दहशत में हैं और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ गुस्सा जाहिर कर रहे हैं।
Recommended Video

मासूम को गोद में लेकर छत पर टहल रहे थे पिता
मामला बरेली के शाही थाना क्षेत्र के दुनका का है। यहां रहने वाले निर्देश के घर सात साल बाद दूसरे बेटे ने जन्म लिया था। निर्देश के छोटे बेटे के नामकरण की तैयारी चल रही थी। निर्देश के साथ ही उनके घरवाले बेहद खुश थे। रविवार को निर्देश अपने 4 महीने के बेटे को गोद में लेकर छत पर टहल रहे थे। तभी बंदरों के एक झुंड ने उनपर हमला कर दिया।

बंदरों ने 4 माह के बच्चे को तीसरी मंजिल से नीचे फेंका
निर्देश के ऊपर अचानक से कई बंदर टूट पड़े। उन्होंने बंदरों से बचने के लिए घरवालों को आवाज लगाई। लेकिन जब तक घरवाले मौके पर पहुंच पाते, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। कुछ बंदरों ने निर्देश के हाथ से उनके 4 माह के मासूम को छीन लिया और कुछ दूर ले जाकर उसे तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया। बच्चे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

बंदरों ने घरवालों पर भी किया हमला
इधर, छत पर पहुंचे अन्य घरवालों पर भी बंदरों ने हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए। बच्चे की मौत परिवार में कोहराम मच गया। सभी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बच्चे की मौत से सदमे में आई मां ने रोते हुए कहा कि 'अब किसका नामकरण होगा, मेरा बेटा तो चला गया।' बता दें, बंदरों के आतंक की कई खबरें सामने आती रहती हैं। बंदरों की वजह से कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications