Kanwar Yatra: सावन में बरेली के कई रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्जन, जानें वैकल्पिक रूट और जरूरी दिशा-निर्देश
Kanwar Yatra: सावन महीने में शुरू हुई कांवड़ यात्रा को लेकर बरेली पुलिस प्रशासन ने ट्रैफिक को लेकर सख्ती बरती है। शुक्रवार रात 8 बजे से सोमवार रात 10 बजे तक भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर रोक लगाई गई है।
इस दौरान ट्रैफिक को सुचारु रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस और ट्रैफिक पुलिस के जवान प्रमुख चौराहों पर तैनात रहेंगे। पुलिस ने बदायूं, रामपुर, मुरादाबाद, दिल्ली, नैनीताल, पीलीभीत और लखनऊ की ओर डायवर्जन लागू कर दिया है।

एसपी ट्रैफिक अकमल खान ने बताया कि कांवड़ यात्रा को देखते हुए यह ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। यात्रा मार्गों पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता दी जा रही है ताकि किसी प्रकार की भीड़भाड़ या जाम की स्थिति न बने।
इन मार्गों पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध
झुमका तिराहा, परसाखेड़ा रोड नंबर एक, बिलवा अंडरपास, नवदिया झाड़ा, ट्रांसपोर्ट नगर और रामगंगा तिराहे से शहर की ओर कोई भारी वाहन नहीं जा सकेगा। लालपुर गांव कट से भी रामगंगानगर कॉलोनी की ओर आवाजाही बंद रहेगी।
इज्जतनगर स्टेशन तिराहा, देवचरा चौराहा, अखा मोड़, बुखारा मोड़ और रम्पुरा मोड़ से भी शहर में भारी वाहनों का प्रवेश रोक दिया गया है। बदायूं रोड, फतेहगंज पूर्वी और भमोरा की ओर भी इसी तरह की रोक प्रभावी रहेगी।
लखनऊ से दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहन अब फतेहगंज पूर्वी, नवादा मोड़, दातागंज, बदायूं होते हुए बुलंदशहर की ओर जाएंगे। बरेली से दिल्ली जाने वाले वाहन मीरगंज, शाहबाद, चंदौसी होते हुए अनूपशहर के रास्ते निकल सकेंगे।
नैनीताल और पीलीभीत से लखनऊ जाने वाले भारी वाहन अब बड़ा बाइपास, रजऊ और शाहजहांपुर होते हुए रवाना होंगे। आगरा जाने वाले भारी वाहन ट्रांसपोर्टनगर, रामपुर, बिलारी, नरौरा होते हुए अलीगढ़ की ओर बढ़ सकेंगे।
रोडवेज बसों का रूट भी बदला गया
21 जुलाई को सावन का दूसरा सोमवार और 23 जुलाई को शिवरात्रि है। इसको देखते हुए रोडवेज बसों का संचालन भी बदला जाएगा। 18 जुलाई की शाम 8 बजे से 23 जुलाई रात 10 बजे तक यह व्यवस्था प्रभावी रहेगी।
इस दौरान दिल्ली, लखनऊ, आगरा और बदायूं की ओर जाने वाली बसें सेटेलाइट से नरियावल, टीपीनगर, फरीदपुर, रजऊ और बड़ा बाइपास के रास्ते चलाई जाएंगी। यात्रियों को नए रूट की जानकारी पहले से दी जा रही है।
इन क्षेत्रों में भारी वाहनों की एंट्री रहेगी बंद
सेटेलाइट तिराहा, पीलीभीत रोड और शाहजहांपुर की दिशा से आने वाले भारी वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं मिलेगा। बरेली से बीसलपुर की ओर चलने वाले वाहन केवल सेंथल चौकी तक ही जा सकेंगे।
बरेली-बदायूं रूट पर चौपुला पुल से आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। यहां से आने-जाने वाले वाहन अब लाल फाटक होकर भेजे जाएंगे। इसी तरह, चौकी चौराहे से रोडवेज बसें अब चौपुला चौराहा न जाकर लाल फाटक से गुजरेंगी।
रामगंगा तिराहा और बुखारा मोड़ से कोई भी वाहन अब बदायूं रोड या लाल फाटक की ओर नहीं जाएगा। दातागंज की दिशा से आने वाले भारी वाहनों को भी बदायूं रोड की ओर प्रवेश नहीं मिलेगा।
फरीदपुर, शाहजहांपुर, आंवला और फतेहगंज पूर्वी की ओर से आने वाले भारी वाहनों को निर्धारित डायवर्जन रूट से ही निकाला जाएगा। पुलिस ने जनता से सहयोग की अपील की है ताकि यात्रा में कोई व्यवधान न आए।












Click it and Unblock the Notifications