टैक्सी में बैठी पत्नी जा रही थी मायके, दोस्त के साथ मिलकर पति ने फेंक दिया एसिड
Bareilly news, बरेली। यूपी के बरेली में विवाद के चलते पत्नी पर एसिड फेंकने का मामला सामने आया है। जिले में बीसलपुर चौराहे पर एक पति ने अपने दोस्त के साथ मिलकर अपनी पत्नी पर ही तेजाब फेंक दिया। जिसके बाद दोनों वहां से फरार हो गए। महिला अपनी नानी बुआ और मां के साथ बीसलपुर जा रही थी। तेजाब से झुलसने के बाद गंभीर हालत में महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इज्जतनगर इलाके की रहने वाली महिला का अपने पति से विवाद चल रहा है। 23 मई 2018 को थाना इज्जतनगर में पति पर ससुराल वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमे की विवेचना रही है। महिला ने गर्भपात कराने का भी आरोप लगाया था। जिस पर पुलिस ने महिला के पति मनमोहन सिंह को हिरासत में ले लिया था। पांच दिन हिरासत में रखने के बाद पति को छोड़ दिया। जिसकी वजह से उसके हौसले बुलंद हो गए।
रविवार को महिला अपने परिवार के साथ बीसलपुर अपने मायके जा रही थी। टैक्सी पर बैठने के दौरान उसके पति ने दोस्त के साथ मिलकर उसपर तेजाब फेंक दिया। जिससे महिला के हाथ और गर्दन पर फफोले पड़ गए। महिला को जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। वहीं एसपी सिटी अभिनन्दन सिंह ने बताया कि महिला का अपने पति से पहले से ही विवाद चल रहा है। महिला के ऊपर उसके पति के साथ एक अन्य शख्स ने तेजाब फेंका है। फिलहाल महिला ने अभी तहरीर नहीं दी है। तहरीर आते ही महिला के पति पर कार्यवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- बरसों से नदी पर नहीं बना पुल, ग्रामीणों ने लगाए चुनाव बहिष्कार के होर्डिंग्स