Bareilly News: गैस एजेंसी में लगी भीषण आग, 500 मीटर दूर तक गिरे सिलिंडर के टुकड़े, दहल उठा गांव
Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के रजऊ परसपुर गांव में स्थित महालक्ष्मी गैस एजेंसी के गोदाम में अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि गोदाम में रखे सिलिंडर एक के बाद एक फटने लगे, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि गैस सिलिंडरों में हुए विस्फोटों की तीव्रता इतनी अधिक थी कि उनके टुकड़े 500 मीटर दूर तक जाकर गिरे। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

घटना की जानकारी मिलन के बाद स्थानीय थाने की पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, हालांकि तब तक गोदाम में लगी आग पर काबू पाया जाता तब तक गोदाम पूरी तरह जलकर राख हो चुका था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गैस एजेंसी के बाहर सिलिंडरों से भरा एक ट्रक खड़ा था। अचानक उसके केबिन में आग लग गई, जिससे एक सिलिंडर में विस्फोट हो गया। इसके बाद आग तेजी से फैली और गैस एजेंसी के अंदर रखे अन्य सिलिंडर भी फटने लगे। धमाकों की गूंज दूर-दूर तक सुनी गई, जिससे ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
घटना के समय गोदाम बंद था और वहां केवल चौकीदार व ट्रक चालक मौजूद थे, जो समय रहते वहां से भाग निकले। यदि यह हादसा किसी कार्यदिवस पर होता, तो नुकसान और भी बड़ा हो सकता था।
धमाकों से हिल गया पूरा इलाका
ग्रामीणों के अनुसार, सिलिंडर फटने की आवाजें इतनी तेज थीं कि लोग डरकर घरों से बाहर निकल आए। धमाकों की गूंज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई। कई लोगों ने इस भयावह घटना के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिए, जो अब वायरल हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे के वक्त गांव के आसपास धुआं ही धुआं नजर आ रहा था। चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल था। दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
प्रशासन ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक के केबिन में लगी आग ने यह विकराल रूप लिया।
पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। गैस एजेंसी के मालिक से भी पूछताछ की जाएगी ताकि यह स्पष्ट हो सके कि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं।












Click it and Unblock the Notifications