उत्तराखंड के शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय के छोटे बेटे की सड़क हादसे में मौत
बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के फरीदपुर में मंगलवार की देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। यहां उत्तराखंड गदरपुर के भाजपा विधायक एंव राज्य के शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे के छोटे बेटे अंकुर पांडे और उनके के परिवारिक मित्र मुन्ना गिरी की मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल एक युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, हादसा मंगलवार की देर रात बरेली के फरीदपुर थाना क्षेत्र के लखनऊ हाइवे पर हुआ है। यहां तेज रफ्तार ट्रक और कार की टक्कर हो गई थी। इस हादसे में अकुर बुरी तरह से घायल हो गए जिसके बाद उन्हें फौरन अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान अंकुर ने दम तोड़ दिया। हादसे में अंकुर के साथी मुन्ना की भी मौत हो गई है। फिलहाल अंकुर के शव को उनके निवास गूलरभोज (ऊधमसिंह नगर) लाया जा रहा है।
इधर, बेटे की मौत की सूचना के बाद मंत्री अरविंद पांडेय भी गूलरभोज के लिए रवाना हो गए हैं। मृतक अंकुर अविवाहित थे। उनकी मौत के बाद घर पर दुखों का पहाड़ टूट गया। तड़के से ही शोक जताने के लिए आवास पर लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। बताया गया कि अंकुर पांडेय की अंत्येष्टि गूलरभोज शमशान घाट पर आज सुबह 11 से 12 बजे के बीच की जाएगी।
ये भी पढ़ें:- मैनपुरी: झाड़ियों में मिला प्रेमी युगल का शव, ऑनर किलिंग की चर्चा