खाना खाने के लिए रुके थे सिपाही, हथकड़ी समेत फरार हो गया बंदी
बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में पेशी से लौटते समय एक कैदी पुलिस को चकमा देकर हथकड़ी समेत फरार हो गया। कैदी के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। यह वारदात उस समय हुई जब दो सिपाही कैसी को सुल्तानपुर में पेशी के बाद वापस ला रहे थे। तभी रास्ते में एक ढाबे पर यह लोग खाना खाने के लिए रुके गए। इसी बीच वह बंदी पुलिस को चकमा देकर हथकड़ी सहित भाग निकला। वहीं इस मामले में कैदी को ले जाने वाले दोनों सिपाहियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई कर जेल भेज दिया गया है।
सुबेहा थाना क्षेत्र के सराय चंदेल गांव का रहने वाले सोनू सिंह को हैदरगढ़ पुलिस ने करीब 10 महीने पहले चोरी के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। सोमवार को दो सिपाही सोनू सिंह को लेकर सुलतानपुर पेशी के लिए ले गए थे। बताया जाता है कि बस से वापस लौटते समय यह दोनों सिपाही हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र में स्थित एक ढाबे पर सोनू को लेकर खाना खाने के लिए उतरे। तभी सोनू दोनों सिपाहियों को चकमा देकर हथकड़ी सहित भाग निकला। उसको भागता देख दोनों सिपाहियों ने उसका पीछा किया, पर उसे पकड़ न सके। सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और आसपास नाकाबंदी कर दी, पर सोनू का कुछ पता नहीं चल सका।
वहीं बाराबंकी के अपर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि फरार आरोपी सोनू सिंह शातिर चोर है। दो सिपाही सोनू सिंह को लेकर सुल्तानपुर पेशी पर गए थे। वापस लौटते समय यह दोनों हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र में स्थित एक ढाबे पर सोनू को लेकर खाना खाने लगे तभी सोनू वहां से भाग निकला। एएसपी के मुताबिक सोनू सिंह की तलाश की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तार भी कर लिया जाएगा। जिन दो सिपाहियों की अभिरक्षा से आरोपी भागा है उन दोनों सिपाहियों के खिलाफ मुकदमा दर्जकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।