बाराबंकी: आत्मदाह करने जा रहे कांग्रेसी नेता को पुलिस ने भेजा जेल
Barabanki news, बाराबंकी। केंद्रीय मंत्री और भाजपा के फायरब्रांड नेता गिरिराज सिंह की टिप्पणी पर कार्यवाई न होने से नाराज एक युवा कांग्रेसी आत्मदाह का प्रयास करने जा रहा था। इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेसियों के बीच जमकर हंगामा हुआ।
क्या बोले युवा कांग्रेसी
आत्मदाह का प्रयास करने वाले युवा कांग्रेसी नेता सिकंदर अब्बास रिजवी ने कहा कि गिरिराज सिंह की हजरत मोहम्मद साहब की बेटी पर अश्लील फिल्म बनाने की अभद्र टिप्पणी पर कार्रवाई करने की मांग नगर कोतवाली पुलिस से की थी। लेकिन बाराबंकी पुलिस ने गिरिराज सिंह पर मुकदमा लिखना भी जरूरी नहीं समझा। उन्हें यह कह कर टाल दिया गया कि यहां मुकदमा दर्ज नहीं होगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की टिप्पड़ी पर मुकदमा दर्ज होता है, अखिलेश यादव पर टिप्पड़ी करने पर मुकदमा दर्ज होता है, लेकिन गिरिराज सिंह पर मुकदमे के मामले को टाल दिया जाता है। यह भाजपा की तानाशाही रवैये का जीता जागता उदाहरण है।
क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी
पुलिस अधीक्षक अजय साहनी ने बताया कि सिकंदर नाम के एक लड़के ने बिहार राज्य की जनसभा के दौरान गिरिराज सिंह की टिप्पणी पर मुकदमा लिखने की तहरीर दी थी। मामला बिहार राज्य का था तो उसकी तहरीर को सम्बंधित राज्य और जिले को अग्रसारित कर दिया गया था। इसकी सूचना युवक को दे दी गई थी। इसके बावजूद आज उसने अपने ऊपर मिट्टी का तेल डाल कर आत्मदाह का प्रयास किया, जो अपराध है। इसलिए युवक को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
ये भी पढ़ें: रामपुर में बोलीं आजम की पत्नी, '...तो अधिकारियों को पद पर रहने का अधिकार नहीं'