Barabanki temple विवाद: दलित युवक को जलाभिषेक से रोका, मारपीट का वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी
Barabanki Temple: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी ज़िले में एक शिव मंदिर में पूजा करने गए युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि मंदिर के भीतर पूजा करने से रोके जाने पर विवाद बढ़ा और युवक के साथ जमकर हाथापाई हुई।
घटना श्रीलोधेश्वर महादेव मंदिर की है, जो रामनगर कोतवाली क्षेत्र के महादेवा कस्बे में स्थित है। गुरुवार शाम को यह घटना तब हुई, जब स्थानीय निवासी शैलेंद्र प्रताप गौतम भगवान शिव को जल चढ़ाने पहुंचे थे।
शैलेंद्र को मंदिर के पुजारी के बेटों ने जलाभिषेक करने से रोक दिया। पीड़ित के अनुसार, जब उन्होंने विरोध किया तो उन्हें जातिसूचक गालियां दी गईं और मंदिर परिसर में ही पीटा गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

मंदिर परिसर में लोटा और घंटे से की गई पिटाई
मंदिर में मौजूद लोगों ने बताया कि शैलेंद्र के विरोध करने पर पुजारी के बेटों शुभम और अखिल ने उसे मंदिर के घंटे और लोटे से मारा। इससे वह बेसुध होकर वहीं गिर गया।
परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को सीएचसी रामनगर ले जाया गया। वहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। युवक की हालत गंभीर बताई गई है।
पुलिस पर सुलह का दबाव बनाने का आरोप
शैलेंद्र के परिवार ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि शुरुआत में पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बजाय समझौते का दबाव बनाया और मामले को दबाने की कोशिश की।
हालांकि, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद स्थिति बदली। शुक्रवार को पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया और दोनों आरोपी भाइयों को हिरासत में लेने की पुष्टि की है।
एससी-एसटी आयोग के दखल के बाद आई तेजी
मंदिर परिसर में जातिगत हिंसा को लेकर एससी-एसटी आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया। इसके बाद पुलिस ने जल्दबाज़ी में कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया और जांच शुरू की।
एएसपी विकासचंद्र त्रिपाठी ने बताया कि मारपीट की पुष्टि हुई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और घटना की विस्तृत जांच की जा रही है।
वहीं उन्होंने यह भी कहा कि ऐसा आरोप गलत है। पहले भी पीडि़त के परिवार के लोग मंदिर में दर्शन करते रहे हैं। दोनों के बीच किसी दूसरे बात को लेकर विवाद था।
इसी बात को लेकर मंदिर में पहुंचने के बाद मारपीट हो गई। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद है। उन्होंने कहा पूजा करने से रोकने जैसी कोई बात सामने नहीं आई है।












Click it and Unblock the Notifications