Barabanki News: अवसानेश्वर मंदिर में हादसा, बिजली के संपर्क में आए टीन शेड से फैला करंट, 2 की मौत, 35 घायल
Barabanki News: बाराबंकी के अवसानेश्वर मंदिर में सावन के तीसरे सोमवार को दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं की खुशियां एक दर्दनाक हादसे में बदल गईं। तड़के जब श्रद्धालु लाइन में खड़े होकर भगवान शिव के दर्शन का इंतजार कर रहे थे, तभी वहां अफरा-तफरी मचा दी।
मंदिर के मेन गेट पर अचानक बिजली का तार गिर गया, जिससे टीन शेड और लोहे की पाइपों में करंट उतरने की बात सामने आई। इसी बीच वहां भगदड़ मच गया। बताया जा रहा है कि भागने के दौरान श्रद्धालु एक दूसरे पर गिरने लगे।

इस दौरान भीड़ की चपेट में आने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 35 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद लोगों में डर का माहौल बन गया और वहां भगदड़ की स्थिति देखने को मिली। कुछ लोग घायल अवस्था में खुद ही भागकर बाहर निकले।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और मौके पर जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी व पुलिस अधिकारियों की टीम पहुंच गई। घायलों को आनन-फानन में नजदीकी सीएचसी त्रिवेदीगंज और हैदरगढ़ भेजा गया, जबकि गंभीर रूप से झुलसे दो लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
बंदर के चलते टूटा बिजली का तार
बताया जा रहा है कि यह हादसा तड़के करीब तीन बजे हुआ जब मंदिर में दर्शन के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। सावन के सोमवार होने की वजह से मंदिर में हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। इसी बीच एक बंदर अचानक ऊपर दौड़ते हुए बिजली के तार पर कूद गया, जिससे तार टूट कर गिर गया।
टूटे हुए बिजली के तार ने मंदिर के प्रवेश द्वार पर लगे टीन शेड और लोहे की पाइप को चपेट में ले लिया। बिजली दौड़ते ही दो श्रद्धालु उसकी चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसी दौरान करीब 35 लोग करंट से झुलस गए।
चीख-पुकार और भगदड़ से मचा हड़कंप
जैसे ही लोगों को बिजली फैलने की जानकारी हुई, वहां भगदड़ मच गई। श्रद्धालु इधर-उधर भागने लगे, जिससे कुछ लोग चोटिल भी हुए। मंदिर परिसर में चीख-पुकार मच गई और भक्त एक-दूसरे को बचाने के प्रयास में खुद भी घायल हो गए।
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से स्थिति पर काबू पाया गया। राहत-बचाव कार्य तेजी से शुरू हुआ और घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया। हादसे के वक्त हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा का कार्यक्रम भी तय था, जिसे प्रशासन ने तुरंत रद्द कर दिया।
मृतकों की पहचान और प्रशासन की कार्रवाई
हादसे में जान गंवाने वालों में से एक की पहचान प्रशांत पुत्र राम गोपाल निवासी मुबारकपुर, थाना लोनीकटरा के रूप में हुई है। दूसरे मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पीड़ित परिवारों से संपर्क में हैं और हर संभव मदद का भरोसा दिला रहे हैं।
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया कि घायलों का इलाज चल रहा है और हालात अब काबू में हैं। वहीं, प्रशासन बिजली विभाग से जवाब मांग रहा है कि खुले तार मंदिर परिसर में क्यों थे और सुरक्षा इंतजाम नाकाफी क्यों रहे।
सीएम ने जताया दुख
वहीं, बाराबंकी में बिजली का करंट लगने से हुई दुर्घटना का उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। सीएम ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications