कर्नाटकः माता-पिता को पसंद नहीं आई साड़ी तो बीच मंडप में दुल्हन को छोड़ भाग गया बेटा
हासन। कर्नाटक के हासन जिले में एक अजीबो-गरीब मामला देखने को मिला है, जहां केवल साड़ी पसंद नहीं आने पर शादी टूट गई। दुल्हन की साड़ी दूल्हे के माता-पिता को नहीं अच्छी लगी तो दूल्हा मंडप छोड़कर भाग गया। बता दें कि दोनों के बीच पहले से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसे दोनों परिवार राजी-खुशी से स्वीकार कर अरेंज्ड मैरिज तय की गई थी।
दुल्हन की साड़ी नहीं आई पसंद
हासन जिले के एसपी श्रीनिवास गौड़ा ने बताया कि बीएन रघुकुमार और संगीता पिछले एक साल से एक-दूसरे को जानते थे। दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग था। दोनों ने जब अपने माता-पिता से शादी की बात की तो उन्होंने भी हामी भर दी। इसके बाद जब बुधवार को शादी की रस्में निभाई जा रही थीं तभी संगीता की साड़ी देखकर रघुकुमार के माता-पिता नाराज हो गए।
बहस होने पर दूल्हा हो गया फरार
उन्होंने आरोप लगाया कि दुल्हन की साड़ी खराब क्वालिटी की थी। इसके बाद उन्होंने संगीता से साड़ी बदलने के लिए कहा। इस छोटी सी बात का मुद्दा बन गया और दोनों पक्षों के बीच काफी बहस हुई। इसके बाद रघुकुमार के माता-पिता नाराज हो गए और शादी तोड़ने की बात कर दी।
धोखाधड़ी का मामला दर्ज
इस बात को सुनते ही रघुकुमार वहां से निकल गया। इसके बाद रघुकुमार का कुछ भी पता नहीं चला है। पुलिस ने रघुकुमार के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
बेंगलुरू: झड़प के बाद दो बदमाशों को गोली मारी, पुलिस पर चाकू से किया था हमला