UP Police: 'तुम्हें छूने का मन...' कहकर दरोगा ने महिला फरियादी से की अश्लील बातें, SP ने की कड़ी कार्रवाई
UP Police: बांदा जिले के कालिंजर थाना क्षेत्र में घरेलू हिंसा की शिकायत लेकर थाने पहुंची एक महिला के साथ दरोगा द्वारा की गई अशोभनीय हरकत का मामला सामने आया है। दरोगा पर अश्लील बातें करने और केस कमजोर करने का दबाव डालने के गंभीर आरोप लगे हैं।
महिला ने शिकायत की है कि केस की जांच कर रहे दरोगा पवन कुमार पांडेय लगातार उसे फोन कर अश्लील बातें करता था। पीड़िता ने बातचीत की रिकॉर्डिंग पुलिस अधीक्षक को सौंपी है। शिकायत के बाद आरोपी दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले की जांच क्षेत्राधिकारी नरैनी को सौंपी गई है। साथ ही केस की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए विवेचना अधिकारी को भी बदल दिया गया है। पीड़िता ने लिखित में शिकायत देकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी है।
तुम्हें देखकर छूने का मन करता है
15 जून को महिला ने कालिंजर थाने में अपने पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों के खिलाफ शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले की जांच दरोगा पवन कुमार को सौंपी गई थी।
पीड़िता का आरोप है कि जांच अधिकारी ने उससे भद्दे अश्लील इशारे किए और फोन पर कहा, "तुम बहुत खूबसूरत हो, तुम्हें देखकर छूने का मन करता है।" उसने कहा कि दरोगा केस कमजोर करने की धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करता रहा।
मुख्य आरोपियों के नाम हटाने का भी आरोप
पीड़िता ने दावा किया कि दरोगा ने उसके विरोधियों से मिलकर चार्जशीट से मुख्य आरोपियों के नाम हटा दिए। महिला ने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दर्ज कराते हुए ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सबूत के तौर पर दी है।
पुलिस अधीक्षक ने महिला की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की। उन्होंने दरोगा को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर जांच की जिम्मेदारी क्षेत्राधिकारी नरैनी को सौंपी। उच्च अधिकारियों का कहना है कि जांच निष्पक्ष होगी।
विवेचना अधिकारी बदला गया
क्षेत्राधिकारी बबेरू सौरभ सिंह ने कहा है कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए विवेचना अधिकारी को बदला गया है। मामले की जांच उच्च स्तरीय स्तर पर कराई जा रही है ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके।
उन्होंने कहा कि पीड़िता द्वारा सौंपे गए ऑडियो साक्ष्यों की तकनीकी जांच भी करवाई जाएगी। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित पुलिसकर्मी पर विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications