Episode 102: 'मन की बात' कार्यक्रम में PM MODI ने की Banda के इस ग्राम प्रधान की खूब तारीफ, जानिए क्यों?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार 18 जून को मन की बात के 102वें एपिसोड को संबोधित किया। इस कार्यक्रम में उन्होंने जहां इंदिरा गांधी की सरकार का जिक्र किया, 1975 में लगाई गई इमरजेंसी को भारतीय इतिहास का ब्लैक पीरियड बताया, वहीं बांदा के एक गांव लुकतरा के ग्राम प्रधान की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने ग्राम प्रधान को दूसरों के लिए प्रेरणा स्रोत करार दिया है। प्रधानमंत्री मोदी के मन की बात में बांदा के एक शख्स का जिक्र सुनकर पूरे क्षेत्र के लोग अपने आपको गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।
ग्राम प्रधान को बताया दूसरों के लिए प्रेरणा स्रोत
बता दें कि बांदा के ब्लॉक बड़ोखर खुर्द के गांव लुकतरा के प्रधान तुलसीराम यादव की तारीफ पीएम मोदी ने अपने मन की बात कार्यक्रम के 102वें एपिसोड में की है। मन की बात कार्यक्रम में पीएम मोदी ने बांदा का जिक्र करते हुए तुलसीराम यादव द्वारा किए गए जल संरक्षण के प्रयासों की सराहना की है। उन्हें दूसरों के लिए प्रेरणा स्रोत बताया है।

पानी की थी जबरदस्त किल्लत, फिर हुआ चमत्कार
दरअसल, लुकतरा गांव कुछ साल पहले तक जल संकट से बुरी तरह जूझ रहा था। गांव में गिने चुने ही तालाब थे जो पूरी तरह से सूख चुके थे। गांव में पानी की जबरदस्त किल्लत थी। लेकिन ग्राम प्रधान बनने के बाद तुलसीराम यादव ने इस जल संकट को खत्म करने का प्रण लिया और तमाम सरकारी योजनाओं को गांव की धरती पर तत्परता से लागू किया। उन्होंने जल संरक्षण के लिये चल रही सरकार की कई योजनाओं को मेहनत करके पूरा कराया।

40 तालाब खुदवाकर नहरों से जोड़ दिए
इसके अलावा ग्राम प्रधान तुलसीराम यादव ने गांव के अंदर और चारों तरफ 40 तालाब खुदवाकर उसकी कनेक्टिविटी नहरों से करा दी। इसके साथ ही "खेत का पानी खेत में और गांव का पानी गांव में" स्लोगन को पूरी तरह चरितार्थ करते हुए गांव का सिस्टम ऐसा बनाया कि बारिश में पूरे गांव का पानी इधर-उधर बर्बाद न होकर सीधे तालाबों में जाता है।

अब इस गाँव में है चारों तरफ हरियाली और खुशहाली
कुछ सालों की मेहनत के बाद आज उस गांव में पूरी तरह हरियाली और खुशहाली है। अब इस गाँव में न पशुओं के लिए जल संकट बचा है और न ही खेती-बाड़ी के लिए पानी की कोई समस्या है। यही वजह है कि बांदा के गांव लुकतरा और उसके ग्राम प्रधान तुलसीराम यादव की चर्चा पीएम मोदी ने मन की बात में जिक्र करते हुए उन्हें दूसरों के लिए प्रेरणा स्रोत बता दिया।

क्या कहना है तुलसीराम यादव का
वहीं लुकतरा गांव का जिक्र पीएम मोदी के मुंह से सुनकर लुकतरा के सभी ग्रामवासी बेहद खुश हैं और अपने आपको गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह सब ग्राम प्रधान की अथक मेहनत और कोशिशों से संभव हुआ है। अब इस गांव को आदर्श गांव बनाने में कोई अड़चन सामने नहीं आएगी। वही इस मामले में ग्राम प्रधान तुलसीराम का कहना है कि उन्होंने सरकार की सभी योजनाओं को गांव की धरती पर लागू किया है। उन्होंने अपने स्तर से भी लोगों को प्रोत्साहित करते हुए तालाब निर्मित करा कर उनमें पानी का इंतजाम किया है। जिससे आज उनके गांव में पानी की कोई दिक्कत नहीं है। चारों तरफ भरे हुए तालाब और हरा भरा गांव दिखता है।












Click it and Unblock the Notifications