सपा से BJP में शामिल हुए नारद राय ने भी अफसरों को लेकर दिया ऐसा बयान, मचा घमासान
BJP leader Narad Rai: लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान समाजवादी पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए नारद राय ने अफसरों को लेकर भी बयान दिया है। नारद राय ने कहा कि तहसील और डीएम ऑफिस में पार्टी कार्यकर्ताओं की सुनवाई नहीं हो रही है।
उन्होंने कहा कि मारे जिले में बंदूक का ही नहीं छुरी का भी लाइसेंस नहीं बन रहा है। यह छोटी बात नहीं है। जाते-जाते कलेक्टर ने एक संविदा पर काम करने वाले का लाइसेंस बनाकर हम नेताओं और कार्यकर्ताओं के मुंह पर तमाचा मारने का काम किया है।

दरअसल, शुक्रवार को बलिया कलेक्ट्रेट सभागार में भारतीय जनता पार्टी द्वारा मतदाता सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के आयुष मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालू भी मुख्य अतिथि के रुप में पहुंचे थे।
उनके अलावा परिवहन मंत्री और नगर विधायक दयाशंकर सिंह, अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद थे। इसी मतदाता सम्मान समारोह में नारद राय ने अफसरों की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता जब लोगों की पैमाइश, खारिज दाखिल और छोटे-छोटे काम लेकर तहसीलदार, एसडीएम से मिलता है तो उसे सम्मान नहीं मिलता। पंचायत से लेकर डीएम ऑफिस तक यही स्थिति है।
जनता की सेवा के लिए जाते हैं कार्यकर्ता
उन्होंने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता दलाली या घूसखोरी के लिए किसी अधिकारी के पास नहीं जाता। जनता की सेवा के लिए जाता है लेकिन सुनवाई नहीं होती। गन लाइसेंस के लिए चौकी से जिलाधिकारी कार्यालय तक दौड़ता-भागता रहता है लेकिन सुनवाई नहीं होती।
वहीं कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संबाेधित करते हुए परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जिस तरह देश आगे बढ़ रहा है, वह बिना कार्यकर्ताओं के संभव नहीं था। कहा कि सपा प्रदेश में कुछ सीट जीतकर अति उत्साह में है। उन्हें पता होना चाहिए कि हर बार बबूल के पेड़ के पास आम नहीं मिलता।












Click it and Unblock the Notifications