'ऐसा ही होना चाहिए...', अकाउंट में सैलरी भेजने से पहले मजदूर से रिश्वत मांग रहा था क्लर्क, फिर खुद फंस गया
UP Ballia News: उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद में एक मजदूर के खाते में उसकी मजदूरी भेजने से पहले रिश्वत मांग रहे क्लर्क को विजिलेंस टीम ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए क्लर्क के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करते हुए विजलेंस की टीम उसे वाराणसी लेकर आई।
विजिलेंस टीम द्वारा क्लर्क पकड़े जाने की सूचना मिलने के बाद ब्लाक में हड़कंप मच गया। हालांकि खंड विकास अधिकारी शकील अहमद द्वारा बताया गया कि विजिलेंस टीम द्वारा रिश्वत लेते हुए किसी को गिरफ्तार किया गया है। किसे गिरफ्तार किया गया है इसकी पूरी जानकारी उन्हें नहीं है।

दरअसल, बलिया जनपद के बेलहरी विकासखंड अंतर्गत बघऊंच गांव में बनवाए गए निराश्रित गोवंश आश्रय स्थल में नीरज शाह नामक व्यक्ति मजदूरी करता था। नीरज शाह द्वारा बताया गया कि उसकी 11 माह की मजदूरी उसे नहीं मिली थी। इसके लिए वह कई बार ब्लॉक पर गया।
ब्लॉक पर जाने के बाद जब वह लेखाकार बृजेश कुमार गुप्ता से संपर्क किया तो बृजेश कुमार गुप्ता द्वारा सैलरी खाते में भेजने के एवज में 10 हजार रुपए की रिश्वत मांगी गई। नीरज का कहना है कि कई बार संपर्क के बावजूद उसके खाते में पैसा नहीं भेजा गया।
ऐसे में परेशान नीरज द्वारा विजिलेंस की टीम से संपर्क किया गया और इसकी लिखित शिकायत भी की गई। नीरज द्वारा शिकायत किए जाने के बाद विजिलेंस की टीम मंगलवार को बलिया पहुंची। उसके बाद सोनवानी स्थित ब्लॉक मुख्यालय पर रिश्वत लेने के दौरान टीम ने बृजेश गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद ब्लॉक परिसर में हड़कंप मच गया। इस दौरान साथी क्लर्क को ले जाते देख उसके साथियों ने टीम को घेर लिया, हालांकि बाद में जब टीम ने अपना आईडी कार्ड दिखाया और पुलिस बुलाई गई तो उसके साथी शांत हुए। पुलिस उसे पकड़कर हल्दी थाने पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद वाराणसी ले गई।












Click it and Unblock the Notifications