Ballia News: बलिया में बड़ा हादसा, किशोरी समेत 5 लोग गंगा में डूबे, नहाते समय सेल्फी बनी जानलेवा
Ballia News: उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद में गंगा दशहरा पर गंगा नदी में स्नान करते समय एक दर्दनाक हादसा हो गया। नदी में स्नान करते समय एक किशोरी समेत पांच लोग गंगा नदी में डूब गए।
यह घटना बलिया जनपद में अलग-अलग घाटों की है। बलिया जनपद के दोकटी थाना क्षेत्र के शिवपुर गंगा घाट पर अपनी मां और बहन के साथ गंगा नदी में स्नान करने आई 14 वर्षीय किशोरी गहरे पानी में चली गई।

गंगा नदी में डूबी हुई किशोरी अंशु पुत्री स्वर्गीय फिरंगी यादव दोकटी थाना क्षेत्र के गोपालपुर लालगंज की रहने वाली थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद गोताखोर वहां पहुंचे और उसकी तलाश में जुट गए।
घाट के दूसरे सिरे पर चार युवक डूबे
इसके अलावा गंगा नदी के उसे पर बिहार सीमा से सटे घाट पर गंगा दशहरा पर नहाने के लिए चार युवक पहुंचे थे। बताया जा रहा है की नहाते समय चारों युवक सेल्फी लेने लगे।
सेल्फी लेने के चक्कर में ही चारों युवक देखते-देखते गहरे पानी में चले गए। चारों युवक बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं जो बिहिया थाना क्षेत्र के बारा खरौनी गांव से गंगा नदी में स्नान करने के लिए आए थे।
गंगा नदी में डूबने वालों की पहचान 18 वर्षीय रामजी, 19 वर्षीय रिशु शर्मा, 20 वर्षीय सोनू यादव और 17 वर्षीय दीपू के रूप में की गई। गंगा में युवकों के डूबने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
उसके बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से पुलिस नदी में डूबे चारों युवकों की तलाश में जुट गई। खबर लिखे जाने तक गंगा नदी में डूबने वाली किशोरी और चार युवकों में से किसी का शव नहीं मिला था।












Click it and Unblock the Notifications