Ballia Lok Sabha 2024: चुनाव लड़ने के लिए भूसा लेकर डीएम ऑफिस पहुंचा शख्स, देखने वाले रह गए हैरान, जानें वजह
Ballia Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद से अजीबोगरीब मामला सामने आया है। बलिया जनपद में एक प्रत्याशी डीएम कार्यालय में भूसा लेकर पहुंच गया।
उसने कहा कि उसके पास नामांकन के दौरान सिक्योरिटी मनी जमा करने के लिए रुपए नहीं है, ऐसे में वह भूसा और अनाज बेचकर चुनाव लड़ना चाहता है। डीएम कार्यालय में भूसा और अनाज लेकर पहुंचे शख्स को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई।

हालांकि जब उसने जिलाधिकारी को पत्र देकर भूसा और अनाज बेचकर चुनाव लड़ने की बात कही तो जिलाधिकारी भी हंसने लगे। शख्स का कहना है कि वह किसी भी कीमत पर चुनाव लड़ना चाहता है।
घायल पशुओं की करते हैं सेवा : दरअसल, बलिया जनपद के पटखौली के रहने वाले नवीन कुमार राय काफी समय से सड़क पर टहलने वाले आवारा पशुओं की सेवा करते हैं। सड़क पर घायल पशु दिखाई देते हैं तो तत्काल उनका इलाज करते हैं।
उनका कहना है कि इन बेजुबानों की सेवा बहुत जरूरी है क्योंकि मौजूदा समय में लोग पशुओं पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। नवीन कुमार शुक्रवार को बलिया जिला अधिकारी कार्यालय पहुंचे।
कार्यालय जाते समय उन्होंने अपने सिर पर एक बोरी रखी थी, जिसमें उन्होंने भूसा और अनाज रखा हुआ था। भूसा और अनाज लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचने के बाद उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान वे चुनाव लड़ना चाहते हैं।
सुनो नामांकन करने और सिक्योरिटी मनी जमा करने के लिए उनके पास रुपए नहीं है। ऐसे में वह अपना अनाज और भूसा बेचना चाहते हैं। बेचकर जो रुपए उन्हें मिलेंगे उनसे वे चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि जनता का समर्थन मिल रहा है और उनका चुनाव जीतना तय है।
इस बारे में नवीन कुमार राय द्वारा बताया गया कि उन्होंने जिला अधिकारी कार्यालय में पत्रक देकर भूसा और अनाज बेचकर चुनाव लड़ने की बात कही थी। जिलाधिकारी द्वारा कहा गया कि भूसा गोवंश आश्रय केंद्र में दान कर दो और अनाज के बारे में जल्द ही विचार किया जाएगा।
हालांकि उन्होंने यह भी बताया कि जिलाधिकारी द्वारा उन्हें चुनाव लड़ने के लिए आश्वासन दिया गया है। नवीन कुमार राय द्वारा बताया गया कि चाहे जो भी हो जैसे भी हो वह चुनाव जरूर लड़ेंगे।












Click it and Unblock the Notifications