भारत में घुसपैठ कर हिरण और नीलगाय का शिकार कर रहे थे 2 विदेशी, जवानों ने दबोच लिया
Balarampur news, बलरामपुर। यूपी के बलरामपुर जिले में वन विभाग की टीम व एसएसबी के जवानों ने दो नेपाली शिकारियों को भारतीय सीमा में शिकार करते हुए गिरफ्तार किया है। पकड़े गए दोनों शिकारी नेपाल मूल के हैं। इन शिकारियों के पास से दो बंदूक, गन पाउडर, हिरण, नीलगाय का मांस व खाल बरामद किया है। दोनों शिकारियों को एसएसबी जवानों ने गिरफ्तार कर तुलसीपुर पुलिस को सुपुर्द कर दिया है।
बलरामपुर जिला नेपाल राष्ट्र से सटा हुआ जिला है और खुली सीमा होने के कारण मादक पदार्थो व वन्य जीवों की तस्करी करने वालों के लिए यह हमेशा से मुफीद रहा है। एसएसबी की खुफिया जानकारी के मुताबिक भारतीय सीमा में नेपाली शिकारियों के होने की पुख्ता जानकारी मिली जिसके बाद 9वीं वाहिनीं सीमा चैकी गुरूंग नाका एसएसबी जवानों व वन विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से जंगलों में कांबिंग शुरू की। सीमा स्तम्भ संख्या 605 (53) के समीप लगभग 03 किमी अन्दर शिवानगर के पास कुछ शिकारी जंगली जानवरों को मारकर उनके खाल को व्यापार हेतु निकाल रहे थे। एसएसबी जवानों ने शिकारियों को आत्म समर्पण करने के लिए कहा तो शिकारी घने जंगल का फायदा उठाकर भागने का प्रयास करने लगे। जवानों ने पीछा कर दोनों नेपाली शिकारियों को दबोच लिया। पकड़े गए दोनों शिकारियों के पास हिरण तथा नील गाय के मांस एवं खाल के साथ सिंगल बैरेल 2 बंदूक, 21छर्रे, गन पाउडर 25 ग्राम बरामद हुआ है।
पकड़े गए शिकारियों ने एसएसबी जवानों की पूछताछ में अपना नाम बीर बहादुर बुड्डा (43) पुत्र चित्र बहादुर बुड्डा निवासी मुंसीनाका है जो नेपाल के निवासी हैं। एसएसबी के कार्यवाहक कमांडेंट आशीष नैथानी ने बताया कि गुरुंग नाका सीमा चौकी के जवानों को गुप्त सूचना मिली थी जिसके बाद यह कार्यवाई की गई है। पकड़े गए दोनों शिकारी नेपाल राष्ट्र के रहने वाले हैं। जिनके पास से बंदूक, हिरण तथा नीलगाय की खाल व मांस बरामद हुआ है। पकड़े गए दोनों शिकारियों को वन विभाग के द्वारा तुलसीपुर पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया है।