ट्रिपल मर्डर: लव मैरिज के बाद परिवारों में रंजिश, लड़के के पिता, भाई, बहन की हत्या
Balrampur news, बलरामपुर। उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले के रेहरा थाना क्षेत्र में एक ही परिवार के चार लोगों पर अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। वारदात के बाद 3 की मौत हो गई, जबकि एक महिला अभी भी जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही है। घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।

तीन की मौत, बहू की हालत गंभीर
मामला जिले के रेहरा थाना क्षेत्र का है। यहां ग्राम जोगियावीर रजक टोला में एक ही परिवार के 4 लोगों की गला रेतकर हत्या करने का प्रयास किया गया, जिसमें पिता (जगराम) पुत्र (राजू) व पुत्री लीलादेवी की मौत हो गई, जबकि बहू निर्मला गंभीर रूप से घायल है। उसका इलाज जिला संयुक्त चिकित्सालय में चल रहा है। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने जांच शुरु की है। फॉरेंसिक टीम व डॉग स्कायड की मदद से साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई चल रही है।

5 साल से चल रही थी रंजिश
मृतक की बेटी गुड़िया के मुताबिक, करीब 5 साल पहले जगराम के लड़के मोनू ने गांव के ही दूसरे समुदाय के लड़की आशिया से भागकर प्रेम विवाह कर लिया था, जिसके बाद दोनों परिवारों में रंजिश चल रही थी। मामले में आशिया के परिवारवालों ने जगराम के परिवार से बदला लेने की धमकी भी दी थी। घटना के बाद पूरे गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। शवों को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
पूरे मामले पर एसपी अनुराग आर्य ने बताया कि मृतक के परिजन की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। तीन टीमें गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। मौके पर फॉरेंसिक टीम व डॉग स्क्ववॉयड की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। घटना का जल्द अनावरण कर दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications