UP: पूर्व MP रिजवान जहीर की 4 करोड़ की संपत्ति कुर्क, यूपी के टॉप 10 गैंगस्टर की लिस्ट में शामिल है नाम
बलरामपुर, 12 मई: उत्तर प्रदेश में माफियाओं और गैंगस्टर्स पर योगी सरकार का शिकंजा कसता जा रहा है। इसी के तहत प्रदेश के गैंगस्टर आरोपियों में टॉप 10 की लिस्ट में शामिल जेल में बंद पूर्व सांसद रिजवान जहीर पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। गैंगस्टर के तहत प्रशासन ने रिजवान की कोठी, जमीन और तीन बैंक खातों को सीज कर लिया है। जब्त की गई कुल संपत्ति की कीमत करीब चार करोड़ रुपए बताई जा रही है।

हत्या की साजिश में बेटी-दामाद के साथ जेल में बंद है पूर्व सांसद
बता दें, तुलसीपुर नगर के पूर्व चेयरमैन फिरोज अहमद पप्पू की हत्या की साजिश में पूर्व सांसद रिजवान जहीर, अपनी बेटी जेबा रिजवान और दामाद रमीज के साथ जेल में बंद हैं। प्रशासन ने बीते दिनों पूर्व सांसद के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की थी। इसी के तहत डीएम श्रुति के आदेश पर गुरुवार को तुलसीपुर एसडीएम मंगलेश दुबे ने सीओ प्रभात कुमार और भारी फोर्स के साथ पूर्व सांसद की शीतलापुर गांव स्थित कोठी पर पहुंचकर कुर्की की कार्रवाई की।
कोठी, प्लॉट सहित चार करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त
एसडीएम मंगलेश दुबे के मुताबिक, पूर्व सांसद की पत्नी सैय्यदा हुमा फातिमा के नाम गाटा संख्या 298 में स्थित कोठी को जब्त कर लिया गया है। कोठी के हर एक कमरे की वीडियोग्राफी कराई गई है। कोठी की कुल कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपए है। इसके अलावा एक प्लॉट और पूर्व सांसद के नाम भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक और प्रथमा सर्व यूपी ग्रामीण बैंक में स्थित खातों को भी सीज कर लिया गया है। जब्त की गई सभी संपत्तियों व बैंक खातों की कीमत करीब चार करोड़ रुपये है। वहीं, पूर्व सांसद के छोटे भाई सलमान जहीर का आरोप है कि उन्हें कुर्की की कोई सूचना प्रशासन ने नहीं दी थी। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई राजनीतिक द्वेष के कारण की गई है।












Click it and Unblock the Notifications