MP News: बालाघाट में 5 करोड़ से ज्यादा की ठगी का मामला उजागर, एजेंट की शिकायत से खुलासा हुआ घोटाला
MP News: मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के नाम पर 5 करोड़ से ज्यादा की ठगी का मामला सामने आया है।
आरोपी पे-टू- पे फाउंडेशन संस्था के जरिए मल्टीलेवल मार्केटिंग का सहारा लेकर लोगों से 550 रुपए की रसीद कटवाकर मेंबर बनाते थे। इसके बदले में बेटी की शादी पर एक लाख रुपए और गिफ्ट देने का वादा करते थे। साथ ही, दुर्घटना होने पर भी सहायता राशि देने का झांसा देते थे।

चार आरोपी गिरफ्तार, संस्था का अध्यक्ष फरार
वारासिवनी पुलिस ने रविवार को इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि संस्था का अध्यक्ष अभी भी फरार है। सोमवार को पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा किया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने बालाघाट में 14 हजार से अधिक लोगों को ठगा, जबकि देशभर में 93 हजार लोगों को इस फर्जी योजना में फंसाया गया।
एजेंट की शिकायत से खुलासा हुआ घोटाला
9 मार्च को वारासिवनी की रहने वाली एजेंट रंजीता फुलमारी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। रंजीता ने खुद 25 सदस्य बनाए थे, लेकिन जब उसे योजना पर संदेह हुआ तो उसने पुलिस से संपर्क किया। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी लोगों को 17 चेन लेवल तक अलग-अलग इनाम और अंतिम लेवल पार करने पर एक करोड़ रुपए के कमीशन का लालच दे रहे थे।
ऐसे करते थे लोगों को गुमराह
भारत सरकार की योजना बताकर करते थे ठगी
आरोपी आम लोगों को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना को भारत सरकार की आधिकारिक योजना बताकर गुमराह करते थे। 550 रुपए की रसीद कटवाकर संस्था का सदस्य बनाते थे और इस पैसे को अपने बैंक खातों में जमा कर लेते थे। रसीदों पर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना का स्लोगन भी लिखा होता था।
बेटी की शादी के लिए एक लाख देने का लालच
संस्था से जुड़ने वाले लोगों को आरोपी यह कहते थे कि जिनके घर में बेटियां हैं, उन्हें उनकी शादी के समय एक लाख रुपए मिलेंगे। इसके अलावा, अगर वे अन्य लोगों को इस योजना से जोड़ते हैं तो उन्हें प्रति व्यक्ति 40 रुपए का कमीशन मिलेगा। इस ठगी का पूरा नेटवर्क चेन सिस्टम पर आधारित था, जिसमें लोगों को लेफ्ट और राइट साइड में नए सदस्य जोड़ने होते थे। हर लेवल पर अलग-अलग इनाम निर्धारित किए गए थे, और 17 लेवल पार करने पर एक करोड़ रुपए कमीशन का लालच दिया जाता था।
पुलिस की कार्रवाई जारी
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है और फरार चल रहे मुख्य आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है। इस घोटाले से जुड़े बैंक खातों की भी जांच की जा रही है, जिससे ठगी की पूरी रकम का पता लगाया जा सके। इस मामले ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और पुलिस प्रशासन लोगों से किसी भी मल्टीलेवल मार्केटिंग स्कीम से बचने की अपील कर रहा है।












Click it and Unblock the Notifications