Swami Prasad Maurya का भाजपा पर बड़ा हमला, कहा- सरकार नौकरी, आरक्षण और अभिव्यक्ति की आज़ादी को कर रही है कमजोर
Swami Prasad Maurya: बहराइच में शुक्रवार को 'संविधान सम्मान और जनहित हुंकार यात्रा' लेकर पहुंचे अपना जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ने सरकार पर जमकर हमला बोला। आंबेडकर पार्क में बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद उन्होंने खुलकर सरकार पर निशाना साधा।
मौर्य ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकारें न सिर्फ संविधान की अनदेखी कर रही हैं, बल्कि जनता को असल मुद्दों से भटका रही हैं। उन्होंने महंगाई और बेरोजगारी को लेकर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।

इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि सरकारी नौकरियों में कटौती और महंगाई की मार से आम आदमी की कमर टूट चुकी है। वहीं दूसरी तरफ सरकार महज भाषणों से देश चला रही है, आज भी धरातल पर कुछ भी नहीं बदला है।
24 घंटे में 'ऑपरेशन सिंदूर' बंद करना महिलाओं से धोखा
स्वामी प्रसाद मौर्य ने 'ऑपरेशन सिंदूर' को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने इसे देश की महिलाओं के साथ भावनात्मक धोखा बताया। उनका कहना था कि इसे बिना सोचे-समझे एक दिन में खत्म कर देना, महिलाओं की आस्था और पहचान के साथ खिलवाड़ है।
उन्होंने नेहा सिंह राठौर पर दर्ज हो रही एफआईआर को लेकर भी नाराजगी जताई। कहा कि अगर कोई कलाकार जनता की आवाज उठाता है, तो उसे डराने-धमकाने का काम क्यों हो रहा है? यह अभिव्यक्ति की आज़ादी का सीधा हनन है।
पत्रकारों से बातचीत में मौर्य ने कहा कि भाजपा सरकार जब संविधान को बदल नहीं सकी, तो अब उसकी आत्मा से समझौता कर रही है। उन्होंने कहा कि जाति और धर्म के आधार पर कार्रवाई होना बेहद खतरनाक संकेत है और इससे लोकतंत्र कमजोर होता है।
उन्होंने यह भी कहा कि अनुसूचित जाति, जनजाति और अल्पसंख्यक समुदाय के अधिकारों को लगातार दबाया जा रहा है। यह सिलसिला अगर यूं ही चलता रहा तो देश की सामाजिक एकता पर गहरी चोट पहुंचेगी।
नुक्कड़ सभाओं से लोगों को किया जागरूक
स्वामी प्रसाद मौर्य ने जिले के टिकोरा, गजाधरपुर, कुंडासर कैसरगंज, जरवल कस्बा और जरवल रोड जैसे इलाकों में नुक्कड़ सभाएं कर लोगों को भाजपा की कथित नीतियों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनता को अब समझना होगा कि असल मुद्दों से ध्यान भटकाया जा रहा है।
इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि यह यात्रा केवल प्रचार के लिए नहीं, बल्कि जनता को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए निकाली गई है। संविधान को बचाना आज हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि जब तक जनता सच नहीं समझेगी, तब तक सरकारें जनहित की जगह निजी एजेंडा चलाती रहेंगी। इसलिए यह जरूरी है कि लोग जागरूक हों और संविधान के हक में आवाज उठाएं। कार्यक्रम के दौरान उनके पार्टी के कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।












Click it and Unblock the Notifications