बहराइच: पकड़ी गई मोबाइल चोरी करने वाली गैंग, शातिर चोरों के पास मिले लाखों के फोन और बाइक
बहराइच। यूपी के बहराइच में एक शातिर चोर गैंग का पर्दाफाश हुआ है। जिले की दरगाह पुलिस ने चेन स्नेचिंग और मोबाइल चोरी की घटनाओं का बड़ा खुलासा करते हुए 7 शातिर मोबाइल चोरों को गिरफ्तार किया है। इन सभी के पास से कीमती मोबाइल एवं चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है। यह सभी मोबाइल चोर बड़े ही शातिराना ढंग से राह चलते लोगों के हाथ से मोबाइल छीनकर गलियों में फरार हो जाते और सस्ते दामों में बेच देते थे।

बहराइच के थाना दरगाह क्षेत्र से पकड़े गए इन शातिर चोरों के पास से 16 मोबाइल के साथ 3 मोटरसाइकिल और अन्य कीमती वस्तुएं बरामद की गई हैं। दरगाह पुलिस इन सभी मोबाइल चोरों से सख्ती से पूछताछ कर रही है। कयास लगाया जा रहा है कि यह सभी मोबाइल चोर जनपद बहराइच के अलावा भी अन्य जनपदों में भी ऐसी घटनाओं को अंजाम देते रहे हैं।
बहराइच के एसपी गौरव ग्रोवर ने बताया कि दरगाह इलाके में लगातार मोबाइल चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं जिसको लेकर पुलिस को सक्रिय किया गया था। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर कुछ नई उम्र के लड़के चोरी का मोबाइल किसी दुकान पर बेचने जा रहे थे। तभी पुलिस ने उनको पकड़ लिया जिसके बाद कई बड़ी चोरियों का खुलासा हो सका। लड़कों के पास से दर्जनों कीमती मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। मोबाइल चोरी एवं मोटरसाइकिल चोरी के आरोप में सभी शातिर चोरों पर कार्रवाई की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications