निमंत्रण में गए थे पूर्व प्रधान, वापस आई उनकी लाश, नदी में मिली बॉडी
बहराइच। यूपी के बहराइच में दो दिन पूर्व निमंत्रण में गए हुजूरपुर थाना क्षेत्र के पूर्व प्रधान का शव संदिग्ध परिस्थितयों में सरयू नदी में उतराता पाया गया। मृतक के शरीर पर कई जगह चोटों के निशान भी पाए गए। परिवारजन ने हत्या की आशंका जताई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के भंगहा निवासी लल्लू निषाद 45 पुत्र सोहनलाल भंगहा के पूर्व प्रधान थे। बकौल परिजन शनिवार को वह थाना क्षेत्र के पासिनपुरवा निवासी कंधई के घर आयोजित मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। देर शात तक जब वह वापस नहीं आए तो परिवारवालों ने उनकी तलाश शुरू की। सोमवार को पूर्व प्रधान का शव सरयू नदी में उतराता पाए जाने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने सूचना पुलिस को दी। जानकारी पाकर एसडीएम कैसरगंज रामजीत मौर्य व सीओ त्रिवेणी प्रसाद द्विवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने नदी में उतराते शव को बाहर निकलवाया। घटना को लेकर लोगों में ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया। मृतक के परिजनों ने पूर्व प्रधान के हत्या की आशंका जताई है। एएसपी शहर अजय प्रताप ने बताया कि मामले में जांच पड़ताल की जा रही है। उन्होंने बताया कि अभी तक परिवारजन ने कोई तहरीर नहीं दी है। अगर तहरीर मिलेगी तो मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें-9 महीने पहले रेप की शिकार हुई किशोरी ने थाने के चक्कर लगाते-लगाते दी जान