Bahraich Wolf Attack: भेड़िये ने 5 साल की बच्ची पर किया हमला, ऐसे बची जान, रात को सो नहीं पा रहे ग्रामीण
Bahraich Wolf Attack: उत्तर प्रदेश के बहराइच जनपद में भेड़िए का आतंक कम होने का नाम नहीं ले रहा है। भेड़िए द्वारा लगातार मासूम बच्चों का शिकार किया जा रहा है। इसके अलावा बड़े लोगों पर भी भेड़िए हमला कर रहे हैं।
ताजा मामला बहराइच जनपद के पंडोहिया के गिरधरपुरवा का है। गिरधरपुरवा में सोमवार की रात में अनवर अली नामक एक शख्स की 5 साल की बेटी पर भेड़िए ने हमला कर दिया। हमला करने के दौरान बच्ची जोर-जोर से चिल्लाने लगी।

बच्ची के चिल्लाने की आवाज सुनकर उसके माता-पिता तथा पड़ोस के लोग टॉर्च जलाकर हाथ में लाठी डंडा लेकर तत्काल शोर मचाते हुए वहां पहुंचे। इस दौरान लोगों को आता देख बच्ची को छोड़कर भेड़िया वहां से भाग निकला।
भेड़िए द्वारा काट लिए जाने के बाद बच्ची के गर्दन में चोट आ गई थी। घायल बच्ची को रात में ही उसके परिवार वाले अस्पताल में ले गए। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई।
गांव के लोग रात भर टॉर्च जलाकर भेड़िए की निगरानी करते नजर आए। ग्रामीणों का कहना है कि भेड़िए द्वारा लगातार हमले किए जाने के चलते अब रात में नींद भी नहीं आ रही है। आलम यह है कि कहीं से कोई शोर सुनाई दे रहा है तो ग्रामीण तुरंत उठ जा रहे हैं।
35 से ज्यादा गांवों में भेड़िए का खौफ
बहराइच जनपद के केवल एक गांव में नहीं बल्कि महसी इलाके के साथ ही आसपास के कुल 35 गांवों में आदमखोर भेड़ियों का आतंक है। अभी तक आदमखोर भेडिया कई लोगों पर हमला कर चुके हैं। इसके अलावा करीब नौ बच्चों समेत कुल 10 लोगों को निवाला बन चुके हैं।
भेड़िए को पकड़ने के लिए करीब 25 टीमें लगाई गई हैं। बावजूद इसके भेड़िए अभी तक पकड़ से बाहर हैं। क्योंकि महसी तहसील क्षेत्र में भेड़ियों का आतंक काफी अधिक है। ऐसे में इस तहसील के अंतर्गत आने वाले गांव में करीब 12 टीमों को लगाया गया है।
रात में पीएसी के जवान और पुलिसकर्मी भी गस्त कर रहे हैं तथा आदमखोर भेड़िए से बचने के लिए लोगों को जागरुक कर रहे हैं। कहा यह भी जा रहा है कि टीम की सक्रियता और चार भेड़िए पकड़ लिए जाने के चलते बचे हुए भेड़िए और हमलावर हो गए हैं।
घटना के बारे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा खुद अफसरों से जानकारी ली जा रही है। इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश पर बहराइच में वन निगम के एमडी संजय कुमार, मुख्य वन संरक्षक एचवी गिरीश, दो डीएफओ और 2 सहायक वन संरक्षक समेत कई अफसर भी बहराइच में पहुंच चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications