बहराइच: मिनी बस और ट्रक की टक्कर में 12 श्रमिकों की हुई मौत, नेपाल जा रहे थे सभी
बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में रविवार की देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में 12 प्रवासी श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि 21 श्रमिक घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को इलात के लिए नेपालगंज के भेरी अंचल अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, श्रमिक रविवार को सीमावर्ती भारतीय बाजार रुपईडीहा पहुंचे। रोडवेज बस स्टैंड पर उतरने के बाद वह नेपाली मिनी बस से सवार हो गए। मिनी बस में करीब 33 श्रमिक सवार हुए। बस नेपालगंज होकर सल्यान जा रही थी। तभी बस शमशेर गंज के पास हाईवे पर खड़े ट्रक से जा टकराई। इस हादसे में 11 यात्रियों की मौके पर मौत हो गई, और 22 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को नेपाल गंज के भेरी अंचल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जहां सोमवार को सुबह अस्पताल में इलाज के दौरान एक और घायल की इलाज के दौरान मौत हो गई। जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 12 हो गई। बांके के जिलाधिकारी राम बहादुर कुरुम्वांग ने बताया कि नेपाल गंज के जमुनहा से सल्यान जा रही मिनी बस में दांग, सल्यान व रुकुम जिले के 33 यात्री सवार थे। मृतकों की पहचान की जा रही है। घायलों का भेरी अंचल अस्पताल में इलाज चल रहा है। अस्पताल के सुपरिंटेंडेंट डॉ. प्रकाश थापा ने बताया कि घायलों में तीन की हालत गंभीर बनी हुई है।