बागपत: मां ने की अपने दो मासूम बच्चों की गला घोंटकर हत्या, शवों के पास गुजारी पूरी रात
बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत में एक मां ने अपने दो मासूम बच्चों की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद पूरी रात कमरे में ही अपने बच्चों की लाशों के पास बैठी रही। सुबह खुद घर से बाहर निकली और आस पड़ोस के लोगों को बच्चों की हत्या की बात बताई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने आरोपी मां को भी हिरासत में ले लिया है। सीओ आलोक सिंह ने बताया कि महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।

मां ने की अपने ही दो बच्चों की हत्या
मामला बागपत के छपरौली कस्बे का है। जानकारी के मुताबिक, यहां रहने वाले गुलाब कुरैशी फेरी लगाकर कपड़े बेचने का काम करते हैं। बुधवार को भी काम पर गए थे। घर में पत्नी अंजुम अपने पांच साल के बेटे उमेर और तीन साल की बेटी अंशिका के साथ घर में अकेली थी। बुधवार की देर रात अंजुम ने उमेर और अंशिका की गला दबाकर हत्या कर दी। अंजुम ने कमरे को अंदर से बंद कर लिया था और रातभर बच्चों के शवों के पास बैठी रही। सुबह होते ही उसने शोर मचाना शुरू कर दिया।
शवों के पास बैठी रही रातभर
अंजुम चिल्ला-चिल्लाकर लोगों से कहने लगी कि उसने अपने बच्चों की हत्या कर दी है। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो देखा की दरवाजा अंदर से बंद है। अंजुम के रोने की आवाज आ रही थी। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो देखा कि अंजुम कमरे के एक कोने में बैठकर रो रही थी और दो बच्चे बेड पर मृत पड़े थे। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।












Click it and Unblock the Notifications