कोरोना: रालोद मुखिया अजित सिंह की तबीयत बिगड़ी, गुरुग्राम के अस्पताल में चल रहा इलाज
बागपत, मई 05: कोरोना संक्रमण से जूझ रहे राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) सुप्रीमो व पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह की हालत नाजुक हो गई है। गुरुग्राम के निजी अस्पताल में भर्ती अजित सिंह की तबीयत मंगलवार की रात अचानक बिगड़ गई। मेडिकल रिपोर्ट के मुताबिक, फेफड़ों में संक्रमण बढ़ गया है। उधर, अस्पताल के डॉक्टर अभी कुछ कहने से बच रहे हैं। वहीं, रालोद कार्यकर्ता उनके जल्द स्वस्थ्य लिए प्रार्थना कर रहे हैं।

155 लोगों में संक्रमण की पुष्टि और एक मौत
बता दें, बागपत जिले में मंगलवार को 155 लोगों में संक्रमण की पुष्टि और एक मौत हुई है, जबकि 80 मरीजों को ठीक होने पर अस्पताल से छुट्टी मिल गई। अब जिले में संक्रमितों की संख्या 5410 और मरने वालों की संख्या बढ़कर 76 हो गई है। जिले में अब 1871 एक्टिव केस हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संक्रमितों को कोविड अस्पताल में भर्ती कराकर सैनिटाइजेशन कराया है। वहीं, संक्रमितों की गलियों को सील कर आने जाने पर पाबंदी लगा दी है। सर्विलांस टीम संक्रमित व उनके संपर्क में आने वालों की निगरानी करेगी।
पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण भी कोरोना संक्रमित
उत्तर प्रदेश में कोरोना का कहर बढ़ता ही जा रहा है। प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण भी कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। बुधवार को उनकी रिपोर्ट आई है। परिवार में उनकी बेटी और अन्य परिजन भी संक्रमित पाए गए हैं। उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल ने मंगलवार को बताया कि प्रदेश में कोरोना के मामले लगातार घटने की तरफ है। ठीक होने वाले लोगों की संख्या बढ़ने की तरफ है। उन्होंने बताया कि 30 अप्रैल को प्रदेश में 34,626 मामले आए थे और 32,494 लोग संक्रमण से मुक्त हुए थे। वहीं, कल 25,858 नए मामले आए हैं, 38,683 लोग संक्रमण से ठीक हुए।












Click it and Unblock the Notifications