बागपतः जमीन के कब्जे को लेकर दो गुटों की महिलाओं ने आपस में चलाए लात-घूंसे
बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के कोतवाली क्षेत्र के सूरजपुर म्हनवा गांव में जमीन पर कब्जा करने को लेकर हुई मारपीट का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल हो रहे वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि किस तरह घर की महिलाएं आपस में एक-दूसरे से लड़ रही हैं। दोनों पक्षों की दर्जनों महिलाओं में 5 मिनट से ज्यादा समय तक मारपीट और कहासुनी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों में जमीन को लेकर रंजिश है। इसमें एक पक्ष ने प्लॉट पर कब्जा कर लिया था, तभी दूसरे पक्ष की महिलाओं ने हमला बोल दिया।

इसके बाद दोनों पक्ष की एक दर्जन के करीब महिलाएं आमने-सामने आ गईं और सभी में जमकर हाथापाई, मारपीट और गाली-गलौज होने लगी। महिलाओं की लड़ाई होते देख लोगों ने बीच-बचाव कराया। लेकिन तब कई महिलाओं को गंभीर चोट आ चुकी थी। महिलाओं के हाथ, पैर और नाक में चोट आई है। सभी घायल महिलाओं को बागपत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज चल रहा है।
जमीन को लेकर नरेश और नरेंद्र के बीच विवाद चल रहा था। उसी को लेकर दोनो पक्षों की महिलाओं में जमकर मारपीट हुई। इस झगड़े में कई महिलाएं घायल हुई हैं, जिन्हें बागपत जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया है। महिलाओं के बीच मारपीट की घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। मामले में दोनों पक्षों के कई लोगों को हिरासत में ले लिया गया है। महिलाओं के बीच जमकर हुई मारपीट की घटना की सभी पहलुओं की पुलिस जांच कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications