UP News: शराब के कारण दे दी जान, शरीर पर लिखा 'अब मैं पछता रहा हूं', पत्नी और बच्चों से मांगी माफी
UP News: उत्तर प्रदेश में शराब पीने को लेकर मारपीट की घटनाएं अक्सर सामने आती रहती हैं, इसके अलावा शराब पीने से कई परिवार बर्बाद हो रहे हैं। ऐसा ही एक मामला उत्तर प्रदेश के आज़मगढ़ जिले से आया है, जहां शराब पीकर घर पहुंचने वाले पति ने आत्महत्या कर ली।
युवक की आत्महत्या करने के बाद उसकी पत्नी और बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है। वहीं मृत युवक के शव को कब्जे में लेकर पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आत्महत्या करने से पहले शराबी युवक ने अपने शरीर पर परिवार के सदस्यों का नाम लिखकर उनसे माफी भी मांगी है।

दरअसल, आजमगढ़ जनपद के मेहनाजपुर थाना अंतर्गत ओहनी गांव में रहने वाले ग्रामीण शुक्रवार को सिवान में टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान ग्रामीणों ने देखा कि पेड़ पर किसी युवक का शव लटका हुआ है। सूचना मिलने के बाद वहां काफी संख्या में भीड़ पहुंच गई बाद में ग्रामीणों ने उसकी पहचान बसहीकला निवासी 35 वर्षीय मनोज राजभर के रूप में हुई।
ग्रामीणों द्वारा फोन करके पुलिस और उसके परिजनों को सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद उसके घर वालों के साथ ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। फिर पेड़ से मृतक के शव को उतारा गया। शव को देखने के बाद पुलिसकर्मी तथा वहां मौजूद लोग हैरान रह गए।
शरीर पर लिखा था परिजनों का नाम
मृतक मनोज राजभर ने अपने शरीर पर पेन से पत्नी और अपने बच्चों का नाम लिखा था। उसने यह भी लिखा था कि वह अत्यधिक शराब पीता था। जिसके चलते उसके परिवार में आए दिन विवाद होता रहता था। शराब पीने के चलते आर्थिक तंगी का भी उसे सामना करना पड़ रहा था।
शरीर पर उसने पत्नी और बच्चों का नाम लिखकर माफी भी मांगी थी। फिलहाल शव की शिनाख्त हो जाने और परिजनों के पहुंचने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की आत्महत्या के बाद उसके परिवार में मातम पसरा है।












Click it and Unblock the Notifications