UP News: 'मृतक' को आत्मरक्षा के लिए है AK-47 की जरूरत, मुख्य सचिव को लिखा पत्र
UP News: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ निवासी 'मृतक' लाल बिहारी ने आत्मरक्षा के लिए सरकार से एके-47 राइफल के लाइसेंस की मांग की है। लाल बिहारी द्वारा इसके लिए यूपी में मुख्स सचिव को पत्र लिखा गया है।
दरअसल, आजमगढ़ जनपद के मुबारकपुर थानाक्षेत्र के अमिलो के रहने वाले लाल बिहारी मृतक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। लाल बिहारी का जन्म 1955 में खलीलाबाद गांव में हुआ था। बताया जा रहा है कि उनके पिता की मौत के बाद उन्हें भी मृतक घोषित कर दिया गया।

जिंदा होने के बाद भी कागजों में मृत घोषित किए जाने के चलते लाल बिहारी की भूमि पर उनके चचेर भाईयों का नाम दर्ज हो गया। लाल बिहारी को खुद को जिंदा साबित करने के लिए लंबा संघर्ष करना पड़ा। यहां तक की उन्होंने विधानसभा क चुनाव भी लड़ा।
इस दौरान तिख्ती पर लेटकर उनके द्वारा चुनाव प्रचार किया गया। उनके द्वारा अनोखे तरीके से किए गए प्रचार की खबरें मीडिया की सुर्खियां बनीं। इतना ही नहीं यह भी कहा जाता है कि इस मामले की कवरेज के लिए विदेशी मीडिया भी आजमगढ़ आई थी।
लंबी लड़ाई के बाद 30 जून 1994 को जिलाधिकारी और मुख्य राजस्व अधिकारी ने उन्हें जीवित घोषित कर दिया। हालाँकि, इस दौरान उन्होंने उन लोगों को न्याय दिलाने के लिए मृतक संघ का गठन किया जो कागज पर तो मर चुके हैं लेकिन हकीकत में जीवित हैं।
उनके जीवन के आधार पर कागज नामक एक फिल्म भी बनी है, जिसमें उनके जीवन के संघर्ष को दिखाया गया है। इसके अलावा एक और फिल्म बनाई जानी है जिसके लिए तैयारी चल रही है। फिलहाल अब लाल बिहारी द्वारा सुरक्षा के लिए एके-47 की मांग किए जाने के बाद एक बार फिर वे सुर्खियों में हैं।












Click it and Unblock the Notifications