आजमगढ़: पुलिस से मुठभेड़ में स्टेट लेवल कबड्डी प्लेयर गिरफ्तार, हत्या की वारदात को देने जा रहा था अंजाम
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में मंगलवार को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक स्टेट लेवल कबड्डी प्लेयर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, कबड्डी प्लेयर शादाब अपने गांव के विपक्षी की हत्या करने के लिए निकला था। मुबारकपुर रोडवेज के पास उसे रोका गया, लेकिन उसने पुलिस पर ही फायरिंग कर दी। इसके बाद घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक पिस्टल, आठ राऊंड फायर करने का कारतूस और बुलेट बाइक बरामद की गई है। पुलिस अधीक्षक नगर पंकज पांडेय ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान अन्य दो शातिर बदमाश फरार हो गए, जिनकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दिया गया है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हत्या की वारदात को अंजाम देने निकला था शादाब
एसपी नगर पंकज पांडेय ने बताया कि शादाब पुत्र नेयाज मुबारकपुर थाने के असाउर गांव का रहने वाला है। वह कबड्डी का स्टेट लेवल प्लेयर है। उन्होंने बताया कि शादाब का गांव में कुछ लोगों से विवाद है। बार-बार की उसका झगड़ा होता है। शादाब योजना बनाकर मंगलवार की भोर में विपक्षी की हत्या करने के लिए निकला था, जिसकी सूचना पुलिस को मिल गई थी। मुबारकपुर पुलिस ने रोडवेज चेकिंग अभियान शुरू किया। प्रभारी निरीक्षक अखिलेश मिश्रा टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बुलेट सवार युवक को आता देख पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन शादाब गाड़ी रोकने के बजाए पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया।
गोली से बाल-बाल बचे एसएचओ
एसपी ने बताया कि शादाब की गोली एसएचओ के सिर के ऊपर से निकल गई, जिसमें वह बाल-बाल बच गए। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदर कर शादाब को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास एक पिस्टल, आठ राउंड फायरिंग का कारतूस और बुलेट बाइक बरामद हुई है। पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म स्वीकार किया।












Click it and Unblock the Notifications