आजमगढ़ के नौजवानों को बाहर जाने पर होटलों में नहीं मिलते थे कमरे - सीएम योगी
सीएम योगी आदित्यनाथ ने आजमगढ़ में 143 करोड़ की परियोजनाओं का किया लोकार्पण और शिलान्यास
आजमगढ़, 04 अगस्त : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को दोपहर में आजमगढ़ में पहुंचे। आजमगढ़ में स्थित आईटीआई ग्राउंड में आजमगढ़ वासियों को उन्होंने 143 करोड़ की 50 परियोजनाओं की सौगात दी। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों द्वारा आजमगढ़ की छवि खराब कर दी गई थी, हम उस छवि को सुधारने का प्रयास कर रहे हैं। पहले आजमगढ़ के लोग जब कहीं बाहर जाते थे तो उन्हें अपनी पहचान छिपानी पड़ती थी। आजमगढ़ का नाम बताने पर उनको होटलों में कमरे नहीं मिलते थे और आजमगढ़ वासियों को लोग अपने मोहल्ले में रहने भी नहीं देते थे, लेकिन अब बदलाव हुआ है।

भोजपुरी कलाकार को आपलोगों ने सांसद बनाया
सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन के दौरान आजमगढ़ के सांसद और भोजपुर अभिनेता दिनेश लाल यादव का जिक्र करते हुए कहा कि आप लोगों ने उप चुनाव में भोजपुरी कलाकार दिनेश लाल यादव को सांसद बनाकर भेजा है। उन्होंने कहा कि भले ही आजमगढ़ में भारतीय जनता पार्टी के सांसद और विधायक नहीं जीते लेकिन भारतीय जनता पार्टी द्वारा आजमगढ़ के विकास के लिए हमेशा प्रयास किया जाता है।

लखनऊ और दिल्ली जाना हो गया आसान
पूर्वांचल एक्सप्रेस वे का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे बन जाने से आजमगढ़ के लोगों को इसका काफी फायदा मिल रहा है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे बन जाने के बाद आजमगढ़ के लोग दो घंटे में लखनऊ और सात घंटे में दिल्ली पहुंच जाते हैं। उन्होंने कहा कि जिले के लोगों का सपना था कि आजमगढ़ में भी एक विश्वविद्यालय होना चाहिए। ऐसे में आज डबल इंजन की सरकार द्वारा यहां पर विश्वविद्यालय का निर्माण कराया गया और महाराजा सुहेलदेव के नाम पर विश्वविद्यालय का नाम रखा गया।

पीएम आवास लाभार्थियों को बाटे सर्टिफिकेट
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आजमगढ़ से आईटीआई मैदान में आयोजित कार्यक्रम में जहां 143 करोड़ की 50 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया वहीं उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को सर्टिफिकेट भी वितरित गया। इस दौरान मंच पर सांसद दिनेश लाल यादव के साथ ही अन्य मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के नेता मौजूद रहे।












Click it and Unblock the Notifications