यूपी: पराली जलाने पर 208 किसानों पर जुर्माना, एसडीएम और लेखपालों सहित 54 पर कार्रवाई
औरैया। पराली जलाने की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में 208 किसानों पर जुर्माना लगा दिया। साथ ही एसडीएम और लेखपालों सहित 54 अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई। जिलाधिकारी अभिषेक सिंह मीणा ने बताया कि शुक्रवार को किसानों पर चार लाख 80 हजार रूपये का जुर्माना भी लगाया गया। इसके अलावा जिले के 54 अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर विभागीय कार्रवाई भी हुई है।
डीएम ने आगे कहा कि बार-बार निर्देश देने पर भी पराली जलाने के मामलों में कमी नहीं आ रही थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि बिधूरा इलाके के उप जिलाधिकारी को 'कारण बताओ' नोटिस जारी करने के अलावा 5 लेखपालों को प्रतिकूल प्रविष्टि और 32 लेखपालों को कड़ी चेतावनी जारी की है।
जिले के सभी संबंधित कर्मियों को निर्देश दिये गए हैं कि किसी को भी पराली नहीं जलाने दें, यदि कोई भी किसान इसका उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। एनजीटी एवं प्रदेश सरकार बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर काफी सख्त है। इसी क्रम में लेखपालों को सहयोग न करने पर कृषि विभाग पांच प्राविधिक सहायकों को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। इसी मामले में पुलिस अधीक्षक ने 11 चौकी प्रभारियों को भी 'कारण बताओ' नोटिस जारी किया है।