रिटायर्ड फौजी की लाइसेंसी रिवॉल्वर से यूपी में शिक्षिका बेटी ने खुद को गोली मारी, मौत
अमरोहा। यूपी में अमरोहा जिले के गजरौला थाना क्षेत्र में एक युवा शिक्षिका ने गोली मारकर अपनी जान दे दी। वह रिटायर्ड फौजी की बेटी थी। उसकी मौत पिता की लाइसेंसी रिवॉल्वर की गोली से हुई। गजरौला थाना के प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र कुमार शर्मा ने बताया कि, घटना मोहल्ला बुद्धनगर नाईपुरा की है। उक्त शिक्षिका 24 साल की थी। उसकी पहचान अरुणा चौधरी के रूप में हुई है। उसके परिवार वाले अभी कुछ भी कहने से पीछे हट रहे हैं। जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है। बहरहाल खुदकुशी किए जाने की ही बात कही जा रही है।

भारी निरीक्षक देवेन्द्र कुमार शर्मा ने आगे बताया कि मृतका का शव उसके घर से बरामद हुआ। उसके पिता भारतीय सेना से रिटायर्ड फ़ौजी ओमकार सिंह हैं। घटना स्थल पर महिला सिपाहियों ने भी साक्ष्य जुटाने की कोशिश की। प्रथमदृश्या लगता है कि शिक्षिका ने खुद को गोली मारी। हालांकि, गोली क्यों मारी यह पता किया जा रहा है।

अरुणा चौधरी अमरोहा में ही स्थित सेंट मेरी कांवेंट स्कूल में दो वर्ष से शिक्षिका के पद पर कार्यरत थी। लाइसेंसी रिवॉल्वर रिटायर्ड फ़ौजी ओमकार सिंह के घर पर ही रखा रहता था। उस लाइसेंसी रिवॉल्वर की गोली से वह गंभीर रूप से घायल हो गयी थी। उपचार के दौरान उसने अस्पताल में दम तोड़ा।