राम-रावण बने कलाकारों के बीच मंच पर हो गई 'असली लड़ाई', लक्ष्मण देखते रह गए, दर्शक भी हुए हैरान
उत्तर प्रदेश के अमरोहा जनपद से विजयदशमी के दिन रामलीला मंचन के दौरान एक ऐसा मामला सामने आया जिसे देखकर आप भी हैरान रह जाएंगे। रामलीला मंचन के दौरान राम और रावण बने कलाकारों के बीच मंच पर ही धक्का मुक्की शुरू हो गई। इस मामले का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि राम और रावण बने शख्स एक दूसरे को धक्का दे रहे हैं। धक्का देने के अंत में राम का किरदार निभा रहा कलाकार स्टेज पर गिर जाता है। इस बीच रामलीला कमेटी के लोग दौड़कर मंच पर पहुंचते हैं और मामले को काबू में करते हैं।

फिलहाल घटना के दौरान वहां मौजूद किसी शख्स में इसका वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों द्वारा तरह-तरह का कमेंट किया जा रहा है और लोग मजे ले रहे हैं।
गजरौला के सलेमपुर गोसाई का है पूरा मामला
दरअसल, अमरोहा जनपद के गजरौला थाना क्षेत्र के सलेमपुर गोसाई गांव में रामलीला का मंचन हो रहा था। बताया जा रहा है की रामलीला में गांव के ही रहने वाले लोग रामलीला का मंचन करते हैं।
शनिवार की रात विजयदशमी पर गांव के ही कलाकार राम रावण तथा लक्ष्मण बनकर श्री राम और रावण युद्ध का मंचन कर रहे थे। बताया जा रहा है कि मंचन के दौरान रावण बाली कलाकार ने श्री राम बने शख्स को धक्का दे दिया। धक्का देने के बाद कलाकार गिर गया।
इस दौरान स्टेज पर राम और रावण के अलावा लक्ष्मण बना कलाकार भी मौजूद था। राम और रावण बने शख्स के बीच मारपीट होने के बाद लक्ष्मण का रोल निभा रहा है युवक शांतिपूर्वक किनारे खड़ा होकर देखने लगा।
दोनों के बीच धक्का मुक्की होने के बाद कमेटी के लोग तत्काल स्टेज पर पहुंचे और दोनों को किसी तरह शांत कराया। हालांकि इस घटना से नाराज होकर श्री राम का रोल निभा रहा कलाकार कपड़े उतार कर चला गया। श्री राम बने शख्स के जाने के बाद राम और रावण युद्ध का मंचन रुक गया।
बाद में गांव के रहने वाले लोगों ने किसी तरह दूसरे कलाकार के माध्यम से राम और रावण युद्ध के मंचन को पूरा कराया। शनिवार को रामलीला संपन्न हो जाने के बाद रविवार को रामलीला समिति द्वारा पंचायत की गई। हालांकि इस मामले में किसी भी शख्स द्वारा पुलिस से शिकायत नहीं की गई है।












Click it and Unblock the Notifications