कैंसर की बीमारी से जूझ रहे वरिष्ठ कांग्रेसी नेता से मिलीं प्रियंका, बोलीं- हौसले तो आज भी बुलंद हैं
Amethi news, अमेठी। प्रियंका गांधी वाड्रा पूरे पांच साल बाद आज अमेठी पहुंची हैं। फर्क इतना है कि पांच साल पहले तक वो केवल कांग्रेस की स्टार प्रचारक की हैसियत से यहां आती थीं और चुनाव के बाद चली जाती थीं, लेकिन मंगलवार को प्रियंका के दौरे में एक अध्याय जुड़ गया। वो ये कि वो पहली बार कांग्रेस की महासचिव बनने के बाद यहां पहुंची हैं, लेकिन कल और आज की प्रियंका में वक्त गुजरने के बाद भी फर्क नहीं आया है। आज भी वो अमेठी से गांधी परिवार के रिश्तों की डोर को संजोए हुए हैं।
प्रियंका ने जगह-जगह रुककर किया रोड शो
मंगलवार को दिल्ली से प्रियंका लखनऊ पहुंची। लखनऊ से सड़क मार्ग से प्रियंका गांधी भाई राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी पहुंची। लखनऊ से अमेठी आते हुए प्रियंका ने जगह-जगह रुककर रोड शो भी किया। प्रियंका गांधी लखनऊ से हैदरगढ़ के रास्ते अमेठी पहुंचीं। वो यहां इन्हौना, कमरौली, बीएचईएल, जगदीशपुर में रुकी जहां सैकड़ों की संख्या में जमा लोगों ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया। पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी के आगमन को लेकर यहां अमेठी के कार्यकताओं के बीच भारी जोश दिखा। कार्यकर्ताओं में हाथों में झंडा और फूल लेकर जमकर अपनी खुशी का इजहार किया। ढोल नगाड़ों के साथ कांग्रेसी और अमेठी के लोग सड़कों पर जमकर थिरकते रहे।
कैंसर से जूझ रहे वरिष्ठ कांग्रेसी से पूछा हालचाल
इस बीच प्रियंका गांधी अमेठी के अपने पुराने अंदाज में दिखीं। उन्होंने लोगों से हाथ मिलाया और पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता मोहम्मद लतीफ से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। दरअसल, लतीफ पिछले काफी समय से कैंसर से जूझ रहे हैं। जब उन्होंने सुना कि प्रियंका आ रहीं हैं तो वो भी मिलने के लिए बेचैन हो गए। इस बीच प्रियंका गांधी उनके पास पहुंची और कहा कि हौसले तो आज भी बुलंद है। हम आपके अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हैं।