अमेठी: गौशाला में कई पशुओं की हुई मौत, योगी के मंत्री ने किया था उद्घाटन
Amethi news, अमेठी। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार गोरक्षा के लिए तमाम कोशिश कर रही है, लेकिन बावजूद इसके सरकारी गौशालाओं में बेजुबान दम तोड़ दे रहे हैं। अमेठी लोकसभा क्षेत्र के हलियापुर की उस गौशाला में चारा-पानी के अभाव में गायों ने दम तोड़ा है, जिसका कुछ दिन पहले सरकार के मंत्री ने उदघाटन किया था। गायों के दम तोड़ने के बाद ग्राम प्रधान ने गौशाला से एक साथ सभी मवेशियों को छोड़ दिया। किसानों की कई एकड़ फसल बर्बाद हो गई, इससे आक्रोशित किसानों ने लाठी-डंडे लेकर मवेशियों को फैजाबाद की सीमा में खदेड़ दिया।

बता दें कि क्रेडिट लेने के लिए योगी सरकार के मंत्री सुरेश पासी ने एक महीने पहले हलियापुर ग्राम पंचायत में मनरेगा योजना के तहत बनी गौशाला का आनन-फानन में उद्घाटन किया था। इलाके के ग्रामीणों की मानें तो न तो चारा-पानी की व्यवस्था की गई थी और न ही ठंड और बरसात से बचने के लिए टीनशेड लगाए गए थे।

आलम ये हुआ कि एक महीने के अंदर लगभग तीन सौ के आसपास गोवंश मर गये, जिसे देख ग्राम प्रधान ने गौशाला से एक साथ सभी मवेशियों को छोड़ दिया। भारी तादाद में निकले गोवंशों ने किसानों की कई एकड़ फसल को बर्बाद कर दिया। अचानक मवेशियों के खेतों में पहुंचने से किसानों में आक्रोश फैल गया। किसानों ने लाठी-डंडे लेकर मवेशियों को फैजाबाद की सीमा में खदेड़ दिया। उधर, जब मवेशी अयोध्या जिले के पीठला गांव में घुसे तो वहां पर भी किसानों ने मोर्चा संभाल लिया।

ग्राम प्रधान पति अखंड प्रताप सिंह का दावा है कि गौशाला की क्षमता 500 मवेशियों की है, जबकि 1000 से ज्यादा मवेशी हो गये थे। आसपास के इलाकों के ग्रामीण लगातार मवेशियों को लाकर यहां छोड़ रहे थे। जिससे हालात बिगड़ गये। प्रशासन ने भी कोई सहयोग नहीं किया, उल्टे प्रशासनिक अधिकारी दबाव बना रहे थे। बुधवार की रात 49 मवेेशी मर गये, जिससे मवेशियों को छोड़ना पड़ा। दरअसल, अमेठी लोकसभा का ये क्षेत्र जिला सुल्तानपुर में आता है, इसलिए डीएम विवेक कुमार ने मौके पर पहुंचकर स्थित का जायजा लिया है। उन्होंने जांच कराकर उचित कार्यवाही की भी बात कही है।












Click it and Unblock the Notifications